
टीम इंडिया के स्टार ओपनर रोहित शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके शॉट्स नहीं बल्कि उनकी टीम में स्थिति है. एडिलेड वनडे से पहले आई रिपोर्ट्स ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं. बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा का वनडे करियर अब खतरे में है. पर्थ वनडे में फ्लॉप रहने के बाद उनकी फॉर्म और टीम में जगह दोनों पर सवाल उठने लगे हैं. एडिलेड से आई खबरों के मुताबिक वैकल्पिक प्रैक्टिस सेशन के दौरान रोहित काफी अकेले और बदले-बदले नजर आए. आमतौर पर साथी खिलाड़ियों से मजाक करने वाले हिटमैन इस बार पूरी तरह चुप थे. उनकी बॉडी लैंग्वेज देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उनके मन में कुछ चल रहा हो. यही वजह है कि अब चर्चा तेज हो गई है क्या एडिलेड वनडे रोहित का आखिरी मैच साबित होगा?
यशस्वी के साथ मीटिंग ने बढ़ाई बेचैनी !
इसी बीच, टीम इंडिया के अभ्यास सत्र से आई एक तस्वीर ने पूरे क्रिकेट जगत में नई हलचल मचा दी है. दरअसल, एडिलेड में नेट प्रैक्टिस के दौरान युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ हेड कोच गौतम गंभीर, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और सेलेक्टर शिवसुंदर दास को काफी देर तक बातचीत करते देखा गया. ये बातचीत तब हुई जब रोहित शर्मा मैदान छोड़कर जा चुके थे. यशस्वी के साथ ये मीटिंग और उनकी लंबी बैटिंग प्रैक्टिस इस ओर इशारा करती है कि शायद टीम मैनेजमेंट अब यशस्वी को रोहित का उत्तराधिकारी बनाने की तैयारी में है. कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये बदलाव भारतीय क्रिकेट के नेक्स्ट फेज की शुरुआत है, जहां युवा खिलाड़ियों को ज्यादा जिम्मेदारी दी जाएगी.
करियर के लिए ‘डू ऑर डाई’ मुकाबला
वहीं, एक रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा कप्तानी छोड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन सेलेक्टर्स ने शुभमन गिल को वनडे टीम की कमान सौंपने का फैसला कर लिया. इससे रोहित का मनोबल थोड़ा कमजोर पड़ा है. RevSportz Global की रिपोर्ट में दावा किया गया कि एडिलेड पहुंचने के बाद से ही रोहित का मूड काफी डाउन है और वो खुद को टीम से अलग-थलग महसूस कर रहे हैं. अब पर्थ में 8 रन पर आउट होने के बाद एडिलेड वनडे उनके करियर के लिए ‘डू ऑर डाई’ मुकाबला माना जा रहा है. अगर इस मैच में भी उनके बल्ले से रन नहीं निकले, तो वनडे फॉर्मेट में उनकी जगह किसी युवा खिलाड़ी को दी जा सकती है. इस बीच सोशल मीडिया पर भी फैंस में बेचैनी साफ झलक रही है. कुछ फैंस का कहना है कि यशस्वी जायसवाल को अब मौका देना चाहिए, जबकि कई लोगों का मानना है कि रोहित जैसा खिलाड़ी दोबारा नहीं मिल सकता. एडिलेड वनडे अब सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि यह तय करेगा कि आने वाले समय में टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी कैसी दिखेगी.