इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रदर्शन भले ही निराश करने वाला रहा हो, लेकिन पूर्व इंग्लिश स्पिनर ग्रीम स्वान को लगता है कि वनडे सीरीज में कहानी पूरी तरह बदल सकती है। इसकी सबसे बड़ी वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी है। स्वान का मानना है कि इन दोनों विश्वस्तरीय बल्लेबाजों के टीम में आते ही भारत की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि टी20 में मिली हार का वनडे सीरीज पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे 14 जुलाई को खेला जाएगा।
रोहित पलभर में बदल सकते हैं मुकाबला
ग्रीम स्वान ने रोहित शर्मा को नई गेंद के सामने दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में बताया है। उनका मानना है कि ताजा पिच और नई गेंद पर रोहित कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदलने की ताकत रखते हैं। अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है तो रोहित बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख सकते हैं। इंग्लैंड की धरती पर उनके पुराने आंकड़े भी शानदार रहे हैं। यही वजह है कि स्वान मानते हैं कि इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए रोहित को शुरुआत में रोकना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
लक्ष्य का पीछा करने में विराट जैसा कोई नहीं
विराट कोहली को लेकर भी ग्रीम स्वान ने बड़ी बात कही है। उन्होंने विराट को लक्ष्य का पीछा करने वाले महानतम बल्लेबाजों में बताया। स्वान के मुताबिक अगर भारत को किसी बड़े लक्ष्य का पीछा करना हो तो विराट जैसा बल्लेबाज दुनिया में दूसरा मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि विराट अपने कठिन दौर से सीखकर तकनीक में बदलाव कर चुके हैं। इंग्लैंड में भी उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया और फिर शानदार वापसी की। स्वान के अनुसार महान खिलाड़ी खुद को हालात के हिसाब से बदलते हैं और विराट में यह खूबी मौजूद है।
रोहित और विराट साथ तो दोहरी मुसीबत
स्वान का मानना है कि रोहित और विराट का एक साथ टीम में होना इंग्लैंड के लिए दोहरी चुनौती है। रोहित शुरुआत में गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं तो विराट बीच के ओवरों में पारी संभालकर मुकाबले को अंत तक ले जाने की ताकत रखते हैं। इसी कारण स्वान फिलहाल दोनों दिग्गजों को भारतीय टीम से बाहर करने की चर्चा को गलत मानते हैं। उनका कहना है कि दोनों अब भी दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल हैं और वनडे क्रिकेट में भारत को उनकी जरूरत है।
कुलदीप की वापसी से बढ़ेगी भारत की ताकत
ग्रीम स्वान ने कुलदीप यादव की वापसी को भी भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत बताया है। उनके मुताबिक टी20 सीरीज में इंग्लैंड के स्पिनरों ने दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर पैदा किया था। लेकिन वनडे में कुलदीप भारत की गेंदबाजी को मजबूत कर सकते हैं। स्वान ने कुलदीप को दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में शामिल बताया। उनका मानना है कि इंग्लैंड की पिचों पर धीमी गति से गेंदबाजी और गेंद को घुमाने वाले स्पिनर असरदार साबित हो सकते हैं। वॉशिंगटन सुंदर भी भारत के लिए उपयोगी विकल्प हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : Yuvraj Singh भी हुए Vaibhav Suryavanshi के दीवाने, पहली मुलाकात में दिया ऐसा नाम कि गेंदबाजों की बढ़ जाएगी धड़कन
वैभव को बाहर करने पर स्वान ने उठाए सवाल
स्वान ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आखिरी टी20 मुकाबले से बाहर करने के फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि अगर वह टीम के साथ होते तो वैभव को पूरी सीरीज खिलाते। इतनी कम उम्र में किसी खिलाड़ी को बाहर करने से उसके आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है। स्वान का मानना है कि युवा खिलाड़ियों को अलग तरीके से संभालने की जरूरत होती है। अब वनडे सीरीज से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रोहित और विराट की वापसी सच में भारतीय टीम की तस्वीर बदल देगी और इंग्लैंड को उसी के घर में मुश्किल में डाल देगी।