
Royal Enfield: देश में रॉयल एनफील्ड की बाइक्स का अलग ही क्रेज है। रॉयल एनफील्ड की ओर से भारत में कई सेगमेंट में बेहतरीन मोटरसाइकिल को बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जाता है। वहीं, कंपनी ने जीएसटी दरों में बदलाव के बाद अपनी कई मोटरसाइकिल की कीमत को कम करने की घोषणा की है। बता दें कि इंडिया में GST 2.0 लागू होने के बाद मोटरसाइकिलें सस्ती होने जा रही हैं, लेकिन 350 सीसी से ऊपर इंजन वाली बाइक्स पर टैक्स बढ़ाया गया है। आइए विस्तार से जानते हैं किन मोटरसाइकिल की कीमतों को कितना कम किया गया है।
किस मॉडल पर कितना फायदा
रॉयल एनफील्ड की ओर से घोषणा की गई है कि वह अपनी मोटरसाइकिल की कीमतों में कमी करेगी। कंपनी की 350cc से कम इंजन वाली बाइक्स पर जीएसटी कम हो गया है। जिसकी वजह से हंटर 350 पर 14,990 की कटौती की गई है, वहीं क्लासिक 350 और मीटिओर 350 पर 20,000 रुपये की कटौती हुई है। वहीं, बात करें बुलेट 350 की तो, इस पर 17,000 रुपये की कटौती की गई है और गोअन क्लासिक 350 पर 23,500 रुपये की कटौती की गई है।
अब 18 प्रतिशत लगेगा जीएसटी
आपको बता दें कि आगामी 22 सितंबर से भारत में 350 सीसी तक की मोटरसाइकल पर 28 की जगह सिर्फ 18 फीसदी ही जीएसटी लगेगा। ऐसे में फेस्टिव सीजन से ठीक पहले कीमतों में यह कटौती ग्राहकों की डिमांड को और बढ़ा सकती है। अब जो युवा रॉयल एनफील्ड खरीदने की सोच रहे हैं, उनके लिए यह मौका काफी शानदार है। बता दें कि मोटरसाइकिल्स के साथ-साथ सर्विस, गियर और एक्सेसरीज पर भी कीमत कम होगी।