मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में एक दुखद घटना घटी। ड्यूटी पर जा रहे रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के हेड कांस्टेबल रविंद्र यादव को अचानक हार्ट अटैक आ गया। ट्रेन को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रोककर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से उनके परिवार और साथी जवानों में शोक की लहर दौड़ गई।
बुधवार की सुबह मुरादाबाद के लाइनपार इलाके के रहने वाले रविंद्र यादव ट्रेन में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। वे आरपीएफ के आनंद विहार थाने में तैनात थे। ट्रेन की पैंट्री कार कोच में बैठे हुए थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी यात्रियों ने देखा कि वे असहज हो रहे हैं, तो अफरा-तफरी मच गई। तुरंत इसकी सूचना मुरादाबाद कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम ने हापुड़ आरपीएफ थाने को अलर्ट किया। थाने ने एम्बुलेंस को स्टेशन पर तैयार रखा।
ट्रेन नॉन-स्टॉप थी, लेकिन इमरजेंसी में सुबह करीब 9:40 बजे हापुड़ स्टेशन पर रोकी गई। आरपीएफ के जवान आनन-फानन में रविंद्र यादव को उठाकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच की और हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि की। रविंद्र यादव के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। मौत की खबर सुनते ही परिवार वाले सदमे में आ गए और अस्पताल पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें सौंप दिया गया।
आरपीएफ के साथी जवानों में इस घटना से गहरा सदमा लगा। उन्होंने तुरंत आनंद विहार थाने और परिवार को सूचित किया। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि मौत की वजह हार्ट अटैक ही है।