आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले राजस्थान रॉयल्स ने बड़ा फैसला लेते हुए चोटिल सैम करन की जगह श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका को टीम में शामिल कर लिया है। लंबे समय से इस बदलाव की चर्चा चल रही थी और आखिरकार टीम ने इसे आधिकारिक रूप दे दिया है।
कितनी कीमत में हुए शामिल
दासुन शनाका को राजस्थान रॉयल्स ने 2 करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा है। श्रीलंका के इस अनुभवी ऑलराउंडर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6 टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 3350 से ज्यादा रन और 86 विकेट दर्ज हैं। वह इससे पहले आईपीएल में गुजरात टाइटन्स का हिस्सा भी रह चुके हैं।
क्यों चुना गया शनाका
शनाका को चुनने के पीछे टीम मैनेजमेंट की खास रणनीति मानी जा रही है। राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा भी श्रीलंका से हैं और टीम के साथ उनका तालमेल पहले से मजबूत रहा है। इसके अलावा सहायक कोच विक्रम राठौर भी उनके खेल से अच्छी तरह वाकिफ हैं, जिससे टीम को संतुलन मिलने की उम्मीद है।
पीएसएल छोड़कर IPL में एंट्री
दिलचस्प बात यह है कि शनाका हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग का हिस्सा थे। उन्हें लाहौर कलंदर्स ने खरीदा था, लेकिन अब वह आईपीएल में खेलने के लिए यहां आ गए हैं। इससे पहले भी कई खिलाड़ी पीएसएल छोड़कर आईपीएल का रुख कर चुके हैं, जिससे दोनों लीग के बीच प्रतिस्पर्धा साफ नजर आती है।
इसे भी पढ़ें : वनडे विश्व कप 2027 से बाहर हो सकती है दो बार की चैंपियन टीम, बदलते समीकरणों ने बढ़ाई टेंशन
पहला मुकाबला कब
राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेलेगी। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि शनाका टीम में शामिल होकर कितना असर डालते हैं और क्या वह सैम करन की कमी को पूरा कर पाएंगे।