RRB NTPC Exam Date 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) ग्रेजुएट लेवल सीबीटी-1 परीक्षा के लिए परीक्षा तिथियों का एलान कर दिया गया है। एग्जाम शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे चेक कर सकते हैं। सीबीटी-1 परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अब परीक्षा तिथियों के आधार अपनी तैयारी के लिए एक सुनियोजित रणनीति बना सकते हैं।
इस दिन होगी परीक्षा
आपको बता दें कि आरआरबी की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार ग्रेजुएट लेवल सीबीटी-1 परीक्षा देशभर में 16 मार्च से शुरू होगी और यह परीक्षा 27 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में उम्मीदवारों से सामान्य जागरूकता विषय से 40 अंकों के प्रश्न, गणित विषय से 30 अंकों के प्रश्न और रीजनिंग विषय से 30 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा कुल 100 अंकों के लिए आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा की अवधि 90 मिनट निर्धारित की गई है। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी।
कब जारी होंगे सिटी स्लिप
आरआरबी की आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक सीबीटी-1 परीक्षा में शामिल होने के लिए एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा से 10 दिन पहले जारी कर दी जाएगी। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट से एग्जाम सिटी स्लिप डाउनलोड करके अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकेंगे।
यह भी पढ़ें: Indian Student Dead In US: अमेरिका में लापता भारतीय छात्र का शव बरामद, 6 दिन से चल रही थी तलाश
एडमिट कार्ड पर अपडेट
वहीं, एडमिट कार्ड की बात करे, तो एडमिट कार्ड परीक्षा के दिन से चार दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे। एडमिट कार्ड भी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। जहां से उम्मीदवार उसे आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को लॉगिन क्रेडेंशियल को दर्ज करना होगा।
ऑफिशियल वेबसाइट विजिट करते रहें
आपको बता दें कि जो उम्मीदवार सीबीटी 1 परीक्षा में सफल घोषित होंगे, वे सीबीटी 2 परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड से संबंधित ताजा अपडेट के लिए नियमित रूप से आरआरबी की ऑफिशियल वेबसाइट विजिट करते रहें।