
विजयादशमी के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक सेवक संघ द्वारा गुरुवार को अपने 100 साल पूरे कर लिए हैं. इस खास मौके पर नागपुर के संगठन मुख्यालय रेशमबाग मैदान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. वहीं इस कार्यक्रम के दौरान 20 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया. बता दें कि संघ की स्थापना 1925 में विजयदशमी के दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी. वहीं देशभर में मौजूद 83 हजार से ज्यादा शाखाओं में विजयदशमी के मौके पर एक खास आयोजन किया जा रहा है.
RSS प्रमुख ने कई मुद्दों पर अपनी राय पेश की
वहीं इस विशेष अवसर पर नागपुर संगठन के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कार्यक्रम में देश के आर्थिक सिस्टम के साथ ही कई हालिया मुद्दों को लेकर भी अपनी बात रखी, इनमें पहलगाम हमला, देश की राजनीतिक व्यवस्था और वैश्विक स्थिति पर उन्होंने अपनी बात मंच से सभी के साथ साझा की. वहीं इस कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई बड़े नेताओ ने शिरकत की
देश का गरीब और गरीब होता जा रहा- RSS प्रमुख
अपने भाषण के दौरान RSS प्रमुख ने कहा कि देश की मौजूदा आर्थिक सिस्टम में कुछ कमियां हैं. इस सिस्टम पर कुछ चंद लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है, जिसके कारण देश में गरीब और गरीब होता चला जा रहा है जबकि अमीर और अमीर हो रहा है. RSS प्रमुख ने कहा कि ये कमियां देश में शोषण का एक नया तंत्र खड़ा करने का काम कर रही हैं.
पहलगाम हमले पर भी की बात
इसके साथ ही RSS प्रमुख मोहन भागवत ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने धर्म पूछकर 26 लोगों की बेदर्दी से हत्या कर दी, लेकिन हमारी सेना के कौशल, पराक्रम और सरकार के नेतृत्व ने इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देकर राष्ट्र के मजबूत होने का परिचय पेश किया है. इस हमले के बाद पता चलता है कि हमारे मित्र कौन हैं और वे हमारा कितना समर्थन करने को तैयार हैं. भागवत ने कहा कि हालांकि हम सभी के प्रति मित्रता का भाव रखते हैं, फिर भी हमें अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क बरतनी चाहिए.