नए साल 2026 की शुरुआत जहां जश्न और उम्मीदों के साथ हुई है, वहीं आम आदमी की जेब पर इसका सीधा असर भी देखने को मिला है। 1 जनवरी से देशभर में कई ऐसे नियम लागू हुए हैं, जो रसोई गैस, हवाई सफर, कार खरीद, बैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े हैं। कहीं महंगाई का झटका है तो कहीं राहत की खबर भी आई है। आइए जानते हैं आज से लागू हुए 5 बड़े बदलावों के बारे में।
पहला बदलाव: कॉमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
नए साल के पहले ही दिन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने झटका दे दिया है। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में देशभर में बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली में यह सिलेंडर अब 1691.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये, कोलकाता में 1795 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये का हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलो वाला घरेलू LPG सिलेंडर अभी पुराने रेट पर ही मिल रहा है।
वहीं दिल्ली-NCR के लोगों के लिए अच्छी खबर है, जहां घरेलू PNG के दामों में कटौती की गई है।
दूसरा बदलाव: हवाई सफर हो सकता है सस्ता
1 जनवरी 2026 से एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में जेट फ्यूल सस्ता हुआ है।
ATF के दाम घटने से एयरलाइंस की ऑपरेशनल लागत कम होती है, जिससे आने वाले दिनों में हवाई टिकट के दाम घटने की उम्मीद जताई जा रही है। यह बदलाव यात्रियों के लिए राहत लेकर आ सकता है।
तीसरा बदलाव: कार खरीदना पड़ा भारी
अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं तो जेब और ढीली करनी पड़ेगी। 1 जनवरी से कई बड़ी ऑटो कंपनियों ने कारों की कीमतों में 2 से 3 फीसदी तक बढ़ोतरी कर दी है।
मर्सिडीज, BMW, निसान, रेनो और MG जैसी कंपनियों ने बढ़ती लागत का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक—तीनों सेगमेंट में इसका असर दिखेगा।
चौथा बदलाव: ऑस्ट्रेलिया को जीरो टैरिफ निर्यात
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार को लेकर बड़ा फैसला लागू हो गया है। 1 जनवरी 2026 से ऑस्ट्रेलिया, भारत से जाने वाले सभी उत्पादों पर जीरो टैरिफ लागू कर रहा है।
इससे भारतीय एक्सपोर्टर्स को बड़ा फायदा मिलेगा और दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते और मजबूत होंगे।
पांचवां बदलाव: जनवरी में जमकर बैंक छुट्टियां
जनवरी 2026 में बैंक ग्राहकों को पहले से प्लानिंग करनी होगी। इस महीने अलग-अलग राज्यों में कुल 16 दिन बैंक बंद रहेंगे।
हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24x7 चालू रहेंगी, जिससे ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और जरूरी काम बिना रुकावट किए जा सकेंगे।