
जुमे की नमाज के बाद शास्त्री नगर स्थित फैसल मस्जिद के पास से बच्चों के जुलूस निकालने की सूचना से पुलिस में भी अफरा तफरी , खुफिया विभाग भी अलर्ट हुआ मेरठ। 'आई लव मुहम्मद' कैंपेन को लेकर पहले से सतर्क पुलिस प्रशासन के हाथ पांव उस समय फूल गए जब जुमे की नमाज़ के बाद सूचना फ्लैश हुई कि शास्त्री नगर स्थित फैसल मस्जिद के पास कुछ बच्चे जुलूस निकाल रहे हैं। सूचना फ्लैश होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और थाना नौचंदी पुलिस के साथ साथ कई फैंटम और खुफिया विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि पुलिस ने इस प्रकार के किसी भी जुलूस के निकलने से इंकार किया है।
शास्त्री नगर सेक्टर 11 स्थित फैसल मस्जिद पर जुमे की नमाज को लेकर पहले से ही फोर्स तैनात की गई थी। नमाज संपन्न होने के बाद फोर्स वहां से हट गई। तभी लगभग 3:30 बजे सूचना फ्लैश हुई कि फैसल मस्जिद के पास से कुछ बच्चे 'आई लव मुहम्मद' के समर्थन में जुलूस निकल रहे हैं। कुछ अपुष्ट सूत्रों के अनुसार यह बच्चे ढवाई नगर की तरफ से फैसल मस्जिद की ओर आ रहे थे, लेकिन कुछ जिम्मेदार लोगों ने उन्हें वापस भेज दिया।
इसके बाद सूचना फ्लैश होते ही थाना नौचंदी पुलिस के अलावा कुछ फैंटम गाड़ियां, खुफिया विभाग के लोग और मीडियाकर्मी फैसल मस्जिद पहुंच गए। नौचंदी पुलिस ने वहां पहुंचकर बारीकी से जांच कर दावा किया कि जो सूचना फ्लैश हुई है वह झूठी है। पूरी जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस, फैंटम और खुफिया विभाग के लोग शाम पांच बजे वहां से चले गए। उधर नौचंदी पुलिस इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।...