सावन के आगमन से पहले ही काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा गया है कि सुगम दर्शन के टिकट अब 250, 350 और 400 रुपये में उपलब्ध हैं. दावा यह भी है कि इन टिकटों में प्रसाद और रुद्राक्ष की माला भी दी जा रही है.
प्रशासन ने किया स्पष्ट, टिकट का मूल्य नहीं बढ़ा
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने इन दावों को पूरी तरह से गलत बताया है. उन्होंने बताया कि सुगम दर्शन की शुरुआत करीब दो साल पहले की गई थी, जब टिकट की कीमत 300 रुपये तय की गई थी. इस टिकट में बाबा के दर्शन के साथ एक छोटा प्रसाद पैकेट भी शामिल था.
टिकट दर में संशोधन, प्रसाद को किया गया अलग
कुछ समय पहले मंदिर प्रशासन ने प्रसाद पैकेट को टिकट से अलग कर दिया और सुगम दर्शन की कीमत घटाकर 250 रुपये कर दी गई. वर्तमान में 250 रुपये का टिकट ही मान्य है, जिसमें केवल सुगम दर्शन शामिल है. 350 या 400 रुपये के किसी भी टिकट की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं है.
रुद्राक्ष और प्रसाद अलग से उपलब्ध, टिकट से नहीं जुड़ा
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि रुद्राक्ष की माला और प्रसाद टिकट के साथ नहीं दिए जाते. जो भक्त इन्हें लेना चाहते हैं, वे मंदिर काउंटर से 100 रुपये में रुद्राक्ष की माला और 50 रुपये में प्रसाद का छोटा पैकेट खरीद सकते हैं. यह पूरी तरह वैकल्पिक सुविधा है और सुगम दर्शन टिकट से जुड़ी नहीं है.
भक्त अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचना ही मानें
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल मंदिर प्रशासन द्वारा दी गई अधिकृत जानकारी को ही सत्य मानें. सावन के दौरान दर्शन को लेकर मंदिर पूरी तरह तैयार है, लेकिन अफवाहों से भ्रम की स्थिति न बनाएं.