ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के महिला सिंगल्स फाइनल में कजाकिस्तान की एलेना रिबाकिना ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। मेलबर्न के रॉड लेवर एरिना में खेले गए इस मुकाबले में रिबाकिना ने वर्ल्ड नंबर 1 आर्यना सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हराया। यह मुकाबला 2 घंटे 18 मिनट तक चला और दर्शकों को आखिरी पॉइंट तक रोमांच से बांधे रखा।
तीन सेट का रोमांचक मुकाबला
मैच की शुरुआत रिबाकिना ने पूरे आत्मविश्वास के साथ की और पहला सेट जीत लिया। इसके बाद सबालेंका ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट अपने नाम किया। तीसरे और निर्णायक सेट में सबालेंका एक समय 3-0 से आगे थीं, लेकिन इसके बाद उनका खेल बिखर गया। रिबाकिना ने लगातार पॉइंट्स जीतते हुए न सिर्फ वापसी की बल्कि मैच पर भी कब्जा जमा लिया।
पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन
एलेना रिबाकिना के लिए यह जीत बेहद खास है क्योंकि वह पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन की चैम्पियन बनी हैं। इससे पहले 2023 में वह फाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन तब उन्हें सबालेंका से हार का सामना करना पड़ा था। रिबाकिना इससे पहले 2022 में विम्बलडन जीत चुकी हैं। अब ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर उन्होंने अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल कर लिया है।
सबालेंका का सपना इस बार अधूरा
आर्यना सबालेंका के पास लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने का मौका था, लेकिन वह इस बार चूक गईं। सबालेंका 2023 और 2024 में यहां की चैम्पियन रह चुकी हैं। अब तक वह चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं, जिनमें दो यूएस ओपन भी शामिल हैं। फाइनल में हार के बावजूद उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में मजबूत रहा।
इसे भी पढ़ें : MP के लाखों छात्रों को बड़ी राहत, 11वीं से PHD तक मिलेगी स्कॉलरशिप, पढ़ाई अब पैसों की वजह से नहीं रुकेगी
सेमीफाइनल में दोनों का सफर
सबालेंका ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को सीधे सेटों में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं रिबाकिना ने अमेरिका की जेसिका पेगुला को कड़े मुकाबले में मात दी थी। दोनों खिलाड़ियों का फाइनल तक का सफर शानदार रहा, जिससे खिताबी मुकाबला और भी खास बन गया।
अब नजरें पुरुष फाइनल पर
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के पुरुष सिंगल्स फाइनल में अब फैंस को एक और बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। रविवार को वर्ल्ड नंबर 1 कार्लोस अल्कारेज का सामना सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच से होगा। यह मुकाबला भी टेनिस प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा।