Sagar Liquor Case CM Mohan Yadav Action----मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन के बाद हुई मौतों के मामले ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने साफ कहा है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र की सात शराब दुकानों को सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं।
CM मोहन यादव ने दिए जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर की घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने प्रभारी मंत्री और संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर तत्काल जांच के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने साफ संकेत दिया है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने संभाली कमान
मामले को लेकर उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी सक्रिय हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। डिप्टी सीएम ने बताया कि कुछ लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों के उपचार और राहत व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, परिवारों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलते ही सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
7 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
सागर के बंडा ब्लॉक के नौराज और गूगरा खुर्द गांव में शराब सेवन के बाद मौतों की सूचना के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। प्रथम दृष्टया क्षेत्र की सात शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों से सैंपल लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रशासन की लोगों से अपील, लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं
प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिन लोगों ने हाल में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, उन्हें इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने ऐसे लोगों से तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने को कहा है। सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना और घटना की वास्तविक वजह सामने लाना है।