SAGAR LIQUOR CASE:: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब कांड से जुड़े 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार तड़के बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास पुलिस ने उसे घेरा था। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर जाने की सूचना पर पुलिस ने घेरा
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि छापरी गांव निवासी 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने घर जाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कठुआ नाला के आसपास घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही चला दीं गोलियां
पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही शिवांजय ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर तीन गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दो राउंड फायरिंग के दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी मिली है। बरामद सामान को जांच में शामिल कर पुलिस आरोपी से उसके संपर्कों और गतिविधियों को लेकर पूछताछ कर रही है।
शराब सप्लाई में भूमिका का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शिवांजय राजपूत की भूमिका जहरीली शराब कांड में अवैध शराब की सप्लाई से जुड़ी बताई जा रही है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ पहले से तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है।
बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी
जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया है। शिवांजय की गिरफ्तारी को इसी कार्रवाई की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध और जहरीली शराब के कारोबार से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। ऐसे आरोपियों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।