Sagar Liquor Case --- मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब पीने के बाद एक के बाद एक लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौतों से हड़कंप मच गया है। अब तक 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 35 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। शुरुआती तौर पर मौतों के पीछे जहरीली या अवैध शराब की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
बराज और आसपास के गांवों में बिगड़ी लोगों की तबीयत
मामला सागर जिले के बंडा क्षेत्र के बराज गांव और आसपास के इलाकों से जुड़ा बताया जा रहा है। शनिवार रात शराब पीने के बाद कुछ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई लोगों की मौत हो गई। प्रभावित इलाकों में घूघर, नौराज और बमुराबेड़ा समेत आसपास के गांवों के लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
करीब 35 लोग अस्पताल पहुंचे, कई की हालत गंभीर
घटना के बाद करीब 35 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में लाया गया। इनमें से कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने वाले कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और शरीर में अकड़न जैसी स्थिति देखने को मिली। ऐसे लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकीय निगरानी बढ़ा दी गई है।
कलेक्टर की अपील- 24 से 48 घंटे में शराब पी है तो जांच कराएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान शराब का सेवन किया है, वे तत्काल स्क्रीनिंग कराएं। किसी तरह के लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए सिविल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है। मेडिकल टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जांच कर रही हैं।
6 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
मौतों की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है। इलाके की छह शराब दुकानों को सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं और मौतों की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए जांच जारी है।
परिजन का दावा- शराब पीने के बाद आधे घंटे में मौत
बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके चचेरे भाई की भी मौत हुई है। उनका दावा है कि गांव में चार लोगों की जान गई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने साथ में शराब पी थी और इसके बाद अचानक उनके शरीर ठंडे पड़ने लगे। परिजन के मुताबिक करीब आधे घंटे के भीतर उनकी मौत हो गई। फिलहाल प्रशासनिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौतों की असली वजह स्पष्ट होगी।