Sagar Liquor Tragedy : सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। वहीं 112 लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में शराब ठेकेदार समेत 30 लोगों पर केस दर्ज किया गया है, जबकि पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, कई लोगों ने तोड़ा दम
सोमवार सुबह महेश रावत, श्याम बाई अहिरवार और कृष्ण कुमार लोधी की मौत हुई। इससे पहले राम प्रसाद लोधी ने भोपाल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। उनके पिता गोविंद लोधी की भी मौत हो चुकी है। राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी सागर में भर्ती है। इसके अलावा भगवान सिंह, गोपाल आदिवासी और देश कुमार लोधी की भी जान गई है। परिजनों के मुताबिक, शराब पीने के बाद ही लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी थी।
70 रुपये में बेची गई सस्ती शराब, फिर बिगड़े हालात
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, गांव में अवैध तरीके से शराब बेचने की बात सामने आई है। एक दुकान से 70 रुपये में देशी शराब का क्वार्टर खरीदा गया था। शिकायत में यह भी बताया गया है कि शराब को बाजार से करीब 20 रुपये सस्ता बताकर बेचा जा रहा था। शराब पीने के बाद राजेंद्र लोधी की तबीयत खराब हुई और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह करतार सिंह लोधी और दिग्विजय सिंह लोधी की भी मौत की बात सामने आई है।
अवैध शराब की सप्लाई को लेकर जांच तेज
ग्रामीणों का आरोप है कि नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव से आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब की सप्लाई की जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, इस नेटवर्क से कई प्रभावशाली और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने अलग-अलग थानों में 25 से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों से शराब की सप्लाई और पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
शराब में मेथेनॉल मिलने से बढ़ी चिंता
शुरुआती जांच में जहरीली शराब में मेथेनॉल की मिलावट पाए जाने की बात सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि शराब बाहर से तैयार होकर सप्लाई किए जाने की आशंका है। मेथेनॉल एक जहरीला अल्कोहल है, जिसका इस्तेमाल औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। इसे पीने से शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है और स्थिति जानलेवा भी हो सकती है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
शराब कांड में पहली महिला की मौत
इस हादसे में पहली महिला की मौत भी हुई है। मृतका के बेटे के मुताबिक, उनकी मां ने गांव में किसी व्यक्ति से शराब मंगवाकर पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के साथ ही इस शराब कांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।