SAGAR LIQUOR SEIZED: सागर के बण्डा शराब कांड के बाद अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी बीच बहेरिया थाना क्षेत्र के रानीपुरा के सुनसान जंगल से बड़ी मात्रा में ब्रांडेड अंग्रेजी शराब बरामद होने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। शुरुआती जांच में बरामद शराब की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है।
जंगल में लावारिस मिली शराब
शुक्रवार शाम रानीपुरा के जंगल में ग्रामीणों ने प्लास्टिक क्रेट में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखी देखी। जंगल में इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने की सूचना तुरंत बहेरिया पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शराब को अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई शुरू की।
पिकअप से पहुंचाने का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब को किसी पिकअप वाहन से जंगल के अंदर लाया गया था। सुनसान जगह पर शराब छोड़ने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कौन लेकर आया और इसे जंगल में छिपाकर रखने की वजह क्या थी।
25 से 30 लाख रुपये का माल
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बरामद शराब की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये है। मौके से अलग-अलग ब्रांड की शराब मिली है। कुछ बोतलें खुली हुई भी पाई गईं। इसके बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं शराब का संबंध किसी बार से तो नहीं है। हालांकि इसका वास्तविक स्रोत जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा।
वैध शराब या अवैध कारोबार?
पुलिस अब बरामद शराब की गिनती और उसकी कीमत का पूरा आकलन कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब वैध तरीके से खरीदी और परिवहन की गई थी या इसे अवैध तरीके से जंगल तक पहुंचाया गया। शराब के स्रोत और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
मालिक और सप्लायर की तलाश
बण्डा शराब कांड के बाद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज होने के बीच जंगल से इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। बहेरिया पुलिस ने शराब जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस शराब के मालिक और उसे जंगल में लाकर छोड़ने वाले लोगों की तलाश में जुटी है।