सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। देवरी थाना क्षेत्र के धुलतरा गांव में एक बेटे ने अपने ही माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपने पिता पर हमला किया, फिर मां को भी नहीं छोड़ा। घटना के बाद वह शवों के पास बैठा मिला। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
लोहे की रॉड और पत्थर से किया हमला
देवरी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला के मुताबिक, बुधवार रात करीब आठ बजे आरोपी शिवराज सेन ने अपने पिता गणेश सेन (55) और मां शांति बाई (45) पर लोहे की रॉड और पत्थर से हमला किया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात इतनी भयावह थी कि घर के आसपास रहने वाले लोग चीखें सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
शवों के पास बैठा मिला आरोपी बेटा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी शिवराज शवों के पास बैठा हुआ था। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतक दंपत्ति के बड़े बेटे ने बताया कि छोटा भाई पहले भी अजीब हरकतें करता था और अक्सर घर में झगड़ा करता रहता था।
हत्या की वजह पर सस्पेंस बरकरार
पुलिस के मुताबिक हत्या की असली वजह का खुलासा अभी नहीं हो सका है। देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। पुलिस उसके मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच कराने की तैयारी में है।
गांव में पसरा सन्नाटा, लोग सदमे में
घटना के बाद पूरे धुलतरा गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह परिवार सामान्य जीवन जी रहा था, किसी को अंदाजा नहीं था कि घर के बेटे के हाथों ऐसी त्रासदी हो जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।