Seed Ball : सहारनपुर में आत्मनिर्भर कान्हा उपवन गौशाला ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी पहल शुरू की है. यहां गाय के गोबर से ‘सीड बॉल’ तैयार की जा रही हैं। इन सीड बॉल में फूलों और सब्जियों के बीज डाले जाते हैं, जिन्हें मिट्टी में लगाने के बाद पौधे उगाए जा सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ खाली जगहों को फूलों और पौधों से हरा-भरा बनाना है.
सिर्फ 10 रुपये है कीमत
इन सीड बॉल की कीमत केवल 10 रुपये रखी गई है. इन्हें लोग आसानी से खरीदकर अपने घर, बगीचे या दूसरी उपयुक्त जगहों पर इस्तेमाल कर सकते हैं. सीड बॉल को ऑनलाइन भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पर्यावरण से जुड़ी इस पहल को ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके.
550 से अधिक गौवंश का संरक्षण
यह गौशाला सहारनपुर नगर निगम की ओर से सावलपुर नवादा गांव में संचालित की जा रही है. यहां सड़कों पर आवारा घूमने वाले 550 से अधिक गौवंश का संरक्षण किया जा रहा है. गौशाला में पशुओं की देखभाल के साथ उनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग अलग-अलग उत्पाद बनाने में भी किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें - Prabhas की 'Fauzi' की रिलीज में क्यों हुई देरी? Jitin Gulati ने बताई असली वजह
आत्मनिर्भरता के साथ पर्यावरण संरक्षण
गौशाला में गोबर और गोमूत्र से तैयार होने वाले उत्पादों के जरिए आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है. सीड बॉल इसी प्रयास का हिस्सा हैं। एक ओर इससे गौशाला के संसाधनों का उपयोग हो रहा है, वहीं दूसरी ओर लोगों को पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. यह पहल पशु संरक्षण, रोजगार और पर्यावरण तीनों को जोड़ने की कोशिश के रूप में सामने आई है.