15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम मुंबई से कोलंबो रवाना हो गई है। हालांकि युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम के साथ यात्रा नहीं कर सके। वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी चोट से उबरने और फिटनेस हासिल करने पर काम कर रहे हैं। इससे पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
फिटनेस क्लियरेंस का इंतजार
रिपोर्ट्स के मुताबिक साई सुदर्शन ने नेट्स में बल्लेबाजी शुरू कर दी है, लेकिन अभी उन्हें पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार उनकी रिकवरी पर नजर रखे हुए है। मेडिकल क्लियरेंस मिलने के बाद ही उन्हें श्रीलंका भेजा जाएगा। ऐसे में फिलहाल उनका टीम से जुड़ना फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।
वार्म-अप मैच करेगा फैसला
भारतीय टीम पहला टेस्ट खेलने से पहले 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। अगर साई सुदर्शन इस मुकाबले से पहले फिट हो जाते हैं तो उन्हें सीधे टीम से जोड़कर वार्म-अप मैच में मौका दिया जा सकता है। लेकिन यदि वह यह मुकाबला नहीं खेल पाते हैं, तो पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
श्रीलंका में पहले ही दिखा चुके हैं दम
साई सुदर्शन हाल ही में इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने चार पारियों में 166 की औसत से 332 रन बनाए थे। इस दौरान गॉल के मैदान पर दो शतक भी लगाए थे। इसी प्रदर्शन के चलते टेस्ट टीम में उनकी भूमिका को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन चोट के कारण उनकी तैयारियों पर असर पड़ा है।
इसे भी पढ़ें : Dhoni स्टाइल 'गन सेलिब्रेशन' पड़ा भारी, DPL में अर्जुन रापड़िया पर हुई कार्रवाई
WTC की रेस में अहम है यह सीरीज
शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया के लिए श्रीलंका दौरा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बचे हुए नौ टेस्ट मैचों में कम से कम सात जीत दर्ज करना जरूरी माना जा रहा है। ऐसे में टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि साई सुदर्शन जल्द फिट होकर टीम से जुड़ें और बल्लेबाजी क्रम को मजबूती दें।