अक्सर देखा जाता है कि लोग अच्छी खासी कमाई होने के बाद भी पैसों की समस्या से जूझते रहते हैं. जिसकी सबसे बड़ी वजह है फालतू की चीजों पर बिना मतलब का खर्च और समय रहते निवेश की सही योजना तैयार ना करना. इसके साथ ही हाई रिटर्न पर लोन और गलत निवेश ऑप्शन इस समस्या में और इजाफा करने का काम करते हैं. सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में चार्टर्ड अकाउंटेंट नितिन कौशिक ने कुछ ऐसी वित्तीय गलतियों के बारे में बताया है. जिससे ज्यादातर लोग आज तक अनजान बने हुए हैं.
टर्म इंश्योरेंस और म्यूचुअल फंड में अलग-अलग निवेश
लाइफ या एंडोमेंट जैसे प्लान 'सुरक्षा + रिटर्न' सुनने में तो जरूर अच्छे लगते हैं लेकिन ये दोनों ही अच्छे नहीं होते हैं. एक साधारण टर्म प्लान आपके फैमिली की सुरक्षा कर सकता है. वहीं म्यूचुअल फंड आपकी संपत्ति को बढ़ाने का काम करता है. ऐसे में टर्म इंश्योरेंस और म्यूचुअल फंड दोनों में अलग-अलग निवेश करके आप ज्यादा फायदा उठा सकते हैं.
किसी और के लोन पर सहभागी बनना गलत
ऐसा देखा जाता है कि लोग दोस्ती और रिश्तेदारी में किसी और के लोन पर दयालुता की भावना के साथ सह-हस्ताक्षर कर देते हैं लेकिन अगर वे भुगतान करने से चूक जाते हैं. तो आपके क्रेडिट स्कोर पर भी इसका असर पड़ सकता है. सीए का इसको लेकर कहना है कि पैसों के मामले में उदारता कभी भी कानूनी हस्ताक्षर के साथ नहीं आनी चाहिए.
क्रेडिट कार्ड पर करें पूरा पेमेंट
क्रेडिट कार्ड पर मिनिमम ड्यू का पेमेंट करना एक साइलेंट किलर की तरह है. यह धीरे-धीरे आपकी वेल्थ खत्म करने का काम करत है. नितिन कौशिक ने बताया कि अगर आपके पास ₹50,000 की बकाया राशि है तो 36 फीसदी ब्याज दर के आधार पर यह 2 लाख रुपये हो सकता है. उन्होंने कहा कि ऐसे में क्रेडिट कार्ड का यूज एक टाइम बम साबित हो सकता है. जब भी पेमेंट करें तो पूरा पेमेंट करना चाहिए.
दोस्त के भरोसे पर अनजाने में ना करें निवेश
सीए कौशिक ने आगे कहा कि अक्सर लोग उन चीजों में निवेश कर देते हैं, जिसे वे समझते ही नहीं हैं. क्रिप्टो, एनएफटी, या कोई ऐसी 'गारंटीड' योजना जिसपर आप दोस्त के भरोसे निवेश कर देते हैं. अगर आप इसमें ये ही नहीं समझ पा रहे हैं कि पैसा कैसे बनेगा, तो आप निवेश नहीं कर रहे हैं, बल्कि एक अनुमान लगा रहे हैं.
ज्यादा कमाने के साथ खर्च भी बढ़ाना
आप ज्यादा कमाई कर रहे हैं, केवल इस बात को ध्यान में रख कर ज्यादा खर्चा करना खतरनाक हो सकता है. सीए कौशिक ने बताया कि अगर आप हर महीने 2 लाख रुपये कमा रहे हैं और 2 लाख खर्च भी कर रहे हैं तो इससे आपकी इनकम नहीं बढ़ेगी, बल्कि खत्म हो जाएगी. दरअसल आप ज्यादा कमाकर अमीर नहीं बनते, बल्कि ज्यादा रखकर अमीर बनते हैं.
बिना टेंशन नहीं खरीद पा रहे कार, तो ना खरीदें
नई कार पहले महीने तो बहुत अच्छी लगती है, लेकिन अगले 60 EMI तक तकलीफ देने लगती है. वहीं कार की कीमत शोरूम से निकलते ही करीब 20 फीसदी तक कम हो जाती है. कौशिक ने कहा कि जब तक आप बिना टेंशन के कार नहीं खरीद पा रहे हैं तो आप ना ही खरीदें.
फाइनेंस पोर्टफोलियो में विविधीकरण लाएं
आपको अपने फाइनेंस पोर्टफोलियो में विविधीकरण लाएं. शेयर, ऋण, अचल संपत्ति, सोना को अलग-अलग टोकरियों में रखें. कौशिक ने कहा कि एक अच्छा पोर्टफोलियो तब भी बढ़ पाता है, जब उसका एक हिस्सा गिर जाता है. ऐसी स्थिति में पोर्टफोलियो को संतुलित करना चाहिए.
आपकी आधी कमाई खा जाता है होम लोन
घर का सपना तो हर कोई देखता है, जिसे पूरा करने के लिए लोग होम लोन का सहारा लेते हैं. वहीं होम लोन आपकी कमाई का करीब आधा हिस्सा खा सकता है. कौशिक ने कहा कि अगर आपकी ईएमआई आपकी सैलरी का 40-50% है, तो यह बात गड़बड़ है. इसे 25 फीसदी से कम ही रखना चाहिए.
तुरंत लोन की सुविधा फंसा सकती है
कौशिक ने आगे कहा कि तुरंत लोन जैसी सुविधा आपको ज्यादा फंसा सकती है. क्योंकि आप इस पर 40 से 50 फीसदी तक ब्याज चुकाते हैं. उन्होंने कहा कि अगर आपको इसकी ज़रूरत है, तो रुकें और अपना बजट फिर से बनाएं. लोन किसी वित्तीय समस्या का समाधान नहीं है.