Money Saving Tips : सैलरी आते ही लगता है कि इस बार आराम से पूरा महीना निकल जाएगा, लेकिन कुछ ही दिनों में बैंक बैलेंस कम होने लगता है। फिर समझ नहीं आता कि आखिर पैसे गए कहां। कई बार इसकी वजह कोई बड़ा खर्च नहीं, बल्कि हमारी रोज की छोटी-छोटी आदतें होती हैं। ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर बिना सोचे सब्सक्रिप्शन लेने तक, कुछ ऐसी चीजें हैं जिन पर हमारा ध्यान ही नहीं जाता। अगर महीने के आखिर में आप भी खाली जेब वाली परेशानी से जूझते हैं, तो अपनी इन 5 आदतों पर एक नजर जरूर डालें।
छोटी-छोटी ऑनलाइन शॉपिंग को हल्के में लेना
कभी कोई टॉप पसंद आ गया, कभी घर के लिए कोई छोटी चीज मंगा ली। हर बार लगता है कि इतने से क्या होगा। लेकिन बार-बार होने वाली ऐसी खरीदारी महीने के आखिर में बड़ा खर्च बन सकती है। खासकर जब सामान जरूरत से ज्यादा सिर्फ ऑफर देखकर खरीदा जाए। खरीदने से पहले खुद से पूछें कि क्या इस चीज की सच में जरूरत है या बस अभी खरीदने का मन है।
हर ऑफर को बचत समझ लेना
बाय वन गेट वन, फ्लैश सेल और डिस्काउंट देखकर खरीदारी करना आसान लगता है। लेकिन छूट तभी फायदेमंद है, जब आप जरूरी चीज खरीद रहे हों। सिर्फ ऑफर के चक्कर में गैरजरूरी सामान लेना बचत नहीं, बल्कि अतिरिक्त खर्च है। अगली बार किसी ऑफर पर क्लिक करने से पहले अपनी जरूरत जरूर देख लें।
छोटे-छोटे खाने के ऑर्डर
कभी ऑफिस में चाय-कॉफी, कभी शाम को स्नैक्स और कभी रात में खाना बाहर से मंगा लिया। ये खर्च अलग-अलग देखने पर कम लगते हैं, लेकिन बार-बार होने पर बजट बिगाड़ सकते हैं। हर बार बाहर का खाना बंद करना जरूरी नहीं, बस हफ्ते में कुछ दिन घर का खाना चुनना मददगार हो सकता है।
बेकार सब्सक्रिप्शन चालू रखना
मोबाइल में कई ऐसे ऐप या सेवाएं हो सकती हैं, जिनका इस्तेमाल अब आप करते ही नहीं, लेकिन उनका पैसा हर महीने कट रहा है। पुराने ओटीटी प्लान, म्यूजिक ऐप या दूसरी पेड सेवाओं को एक बार चेक करें। जो काम के नहीं हैं, उन्हें बंद करने से बिना ज्यादा मेहनत के कुछ पैसे बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : 'कातिल नहीं, आशिक है...' शाहरुख खान का खूंखार अंदाज देख फैंस हैरान, फिल्म 'किंग' का नया पोस्टर छाया
बिना सोचे रोज के खर्च करना
कभी कैब की जगह थोड़ी सस्ती सवारी ली जा सकती थी, कभी बाहर की छोटी खरीदारी टाली जा सकती थी। हर खर्च गलत नहीं होता, लेकिन बिना सोचे बार-बार पैसे खर्च करना परेशानी बढ़ा सकता है। इसके लिए हर खर्च लिखना जरूरी नहीं। हफ्ते में एक बार बैंक मैसेज और पेमेंट हिस्ट्री देखकर समझें कि पैसा कहां जा रहा है। साथ ही सैलरी आते ही बचत के लिए एक तय रकम अलग रखना भी अच्छी आदत है।