भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच के बीच अब एक नया और दिलचस्प एंगल सामने आया है। सीबीआई हिरासत में मौजूद पति समर्थ सिंह इन दिनों ‘Butter’ नाम की जापानी क्राइम थ्रिलर किताब पढ़ रहा है। इस खुलासे के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। बताया जा रहा है कि समर्थ गिरफ्तारी के बाद से लगातार इस उपन्यास में डूबा हुआ है, जबकि दूसरी ओर सीबीआई उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
CBI कस्टडी में किताब बना चर्चा का विषय
सूत्रों के मुताबिक समर्थ सिंह गिरफ्तारी के बाद से ‘Butter’ नाम की किताब अपने साथ रखे हुए है। पूछताछ के बीच जब भी उसे समय मिलता है, वह किताब के पन्ने पढ़ने लगता है। बताया जा रहा है कि वह अब तक किताब का लगभग आधा हिस्सा पढ़ चुका है। समर्थ के करीबियों का कहना है कि उसे अपराध, मनोविज्ञान और न्याय व्यवस्था से जुड़ी किताबें पढ़ने का शौक है और वह अक्सर ऐसी किताबों में रुचि दिखाता रहा है।
क्या है ‘Butter’ उपन्यास की कहानी
‘Butter’ जापानी लेखिका असाको युजुकी का चर्चित क्राइम उपन्यास है, जो जापान की चर्चित ‘कोंकात्सु किलर’ घटना से प्रेरित माना जाता है। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर कई बिजनेसमैन की हत्या के आरोप लगते हैं। उस महिला पर आरोप होता है कि वह स्वादिष्ट भोजन और भावनात्मक रिश्तों के जरिए पुरुषों को अपने प्रभाव में लेती थी। कहानी में एक महिला पत्रकार जेल में बंद आरोपी महिला से मिलती है और दोनों के बीच बातचीत के जरिए अपराध और मानव मनोविज्ञान की कई परतें खुलती जाती हैं।
ट्विशा केस में लगातार खुल रही नई परतें
ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई लगातार जांच का दायरा बढ़ा रही है। समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह फिलहाल सीबीआई हिरासत में हैं। जांच एजेंसी दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। एजेंसी कॉल डिटेल, डिजिटल एविडेंस और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी गहन जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
मनोविज्ञान और अपराध पर फोकस
‘Butter’ किताब को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसकी कहानी और मनोवैज्ञानिक पहलुओं को लेकर हो रही है। किताब में अपराध, अकेलापन, रिश्तों की जटिलता और समाज में महिलाओं की छवि जैसे कई संवेदनशील पहलुओं को दिखाया गया है। यही वजह है कि समर्थ सिंह के इस उपन्यास को पढ़ने की खबर ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। सोशल मीडिया पर भी इस किताब और ट्विशा शर्मा केस को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।