
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है. ये कार्रवाई असमोली थाना क्षेत्र के राय बुजुर्ग गांव में तालाब की जमीन पर बनी अवैध मस्जिद और मैरिज हॉल को लेकर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की है.
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
वहीं इस कार्रवाई को देखते हुए मस्जिद के आस-पास का पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल दिया गया है. इस दौरान मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ-साथ पीएसी जवान भी तैनात किए गए हैं. वहीं किसी तरह की अव्यवस्था न फैले इसको लेकर प्रशासन ने गांव में ऐलान कर लोगों से घरों से बाहर ना निकलने की अपील की है. प्रशासन का दावा है कि ग्राम समाज और तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर मस्जिद और मैरिज हॉल का निर्माण कराया गया था. जांच के बाद जिला प्रशासन ने इसे गैरकानूनी बताते हुए तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी.
सबसे पहले मैरिज हॉल पर चला बुलडोजर
इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने सबसे पहले मैरिज हॉल को गिराया. इस अवैध निर्माण को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. वहीं अधिकारियों का कहना है कि यह हॉल भी तालाब की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था.
इंतजामिया कमेटी ने मांगी 4 दिन की मोहलत
बताया जा रहा है कि मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने प्रशासन से कुछ समय मांगा था. इस पर जिला प्रशासन ने चार दिन की मोहलत देते हुए मस्जिद को खुद गिराने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि तय समय सीमा के भीतर मस्जिद को हटाया जाएगा. प्रशासन ने इस कार्रवाई से पहले गांव के लोगों के साथ बैठक की थी और उन्हें स्थिति से अवगत कराया गया था. इसके अलावा पुलिस की ओर से ऐलान कर यह साफ कर दिया गया कि लोग घरों में ही रहें और किसी भी तरह की भीड़ या विरोध प्रदर्शन की स्थिति न बन सके.
प्रशासन का सख्त संदेश
संभल प्रशासन की कार्रवाई ने ये साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. चाहे फिर वो धार्मिक स्थल हो या कोई अन्य निर्माण नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई निश्चित तौर पर की जाएगी.