Sambhavna Seth Pregnancy News: टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर संभावना सेठ और उनके पति अविनाश द्विवेदी के प्रशंसकों के लिए एक बेहद सुखद खबर सामने आई है। लंबे समय के इंतजार के बाद कपल आखिरकार माता-पिता बनने जा रहा है। संभावना और अविनाश ने सोशल मीडिया पर सरोगेसी के जरिए अपनी पहली गर्भावस्था की आधिकारिक घोषणा की है।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
संभावना और अविनाश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए इस बड़ी खुशखबरी को अपने फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने अपनी तस्वीरों के साथ नन्हे बच्चे के जूतों की एक बेहद प्यारी फोटो पोस्ट की। इस पोस्ट का कैप्शन काफी भावुक और उत्साह से भरा था, जिसमें लिखा था, 'हम प्रेग्नेंट हैं। हमारी सबसे खूबसूरत कहानी अब प्रोडक्शन में है, जो प्यार, उम्मीद और सरोगेसी के जरिए मुकम्मल हो रही है। अब काउंटडाउन शुरू हो चुका है।'
फैंस और फिल्मी सितारें दे रहे बधाई
सोशल मीडिया पर खबर फैलते ही उनके चाहने वालों और फिल्मी सितारों की ओर से बधाई देने वालों का तांता लग गया है। गजराज राव, सुनीता आहूजा , साकिब सलीम, देबिना बोनरजी, चारू असोपा, जेमी लीवर, डेलनाज ईरानी, भाटी सिंह, गौहर खान, रश्मी देसाई, माही विज और कई अन्य हस्तियों ने खुशी व्यक्त की।
2024 में हो गया था मिसकैरेज
बता दें कि कई सालों से कपल प्रेग्नेंसी और फैमिली प्लानिंग की कोशिश करता आ रहा है। 2024 में कपल को खुशखबरी मिली भी थी, लेकिन बदकिस्मती से तीन महीने बाद ही उन्हें एबॉर्शन कराना पड़ गया था। संभावना ने अपने एबॉर्शन के बारे में इंटरव्यू पर खुलकर बात की। संभावना ने बताया था कि उन्होंने 15 दिनों तक जहर को पाला था क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि भ्रूण का विकास रुक चुका है। संभावना ने कहा था, गर्भावस्था के दौरान मुझे असामान्य रूप से बेचैनी महसूस होने लगी। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि भ्रूण का विकास रुक चुका है। मुझे 15 दिनों तक इस स्थिति का पता भी नहीं चला। शरीर ने कोई अलग प्रतिक्रिया नहीं दी या कोई संकेत नहीं दिखाया, जिसकी वजह से इलाज में देरी हुई।
तीन आईवीएफ भी हुए फेल
संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी के साथ-साथ ये उनके फैंस के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि एक्ट्रेस काफी समय से बच्चे के लिए ट्राई कर रही थी, लेकिन कई मिसकैरेज के बाद उन्होंने आईवीएफ का सहारा लिया। अभिनेत्री के तीन आईवीएफ भी फेल हुए।
कब हुई थी शादी
आपको बता दें कि संभावना और अविनाश ने 2016 में शादी की थी। करियर की बात करें तो संभावना सेठ को आखिरी बार 2019 में टीवी सीरीज 'गुड़िया हमारी सभी पे भारी' में देखा गया था। इसके अलावा उन्होंने भोजपुरी फिल्म 'निरहुआ चलल लंदन' में एक कैमियो रोल किया था, जहाँ उनके डांस नंबर 'पंडित जी का बेटा है' को दर्शकों ने खूब सराहा था।