मेरठ। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम को परिवार सहित बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह आठ बजे उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज आए थे, जो बंगाली भाषा में थे। चार बार बांग्लादेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल भी की गई थी। इस मामले में पूर्व विधायक के निजी सचिव ने सरधना थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व खुफिया तंत्र जांच में जुट गया है।
पूर्व विधायक संगीत सोम के निजी सचिव शेखर ने सरधना थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि सोमवार सुबह आठ बजे पूर्व विधायत संगीत सोम के मोबाइल नंबर पर अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे संदेश और वीडियो कॉल आई थी। कॉल करने वालों ने पूर्व विधायक को परिवार सहित बम से उड़ाकर जान से मारने के साथ-साथ कुछ प्रमुख न्यूज चैनलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भी दी। इस धमकी के बाद पूर्व विधायक का परिवार दहशत में है। तहरीर में पुलिस को उन नंबरों की जानकारी और वाट्सएप पर आए मैसेज के स्क्रीन शॉट भी दिए है। सरधना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया, जांच में सामने आया है कि धमकी देने वाले नंबर बांग्लादेश के हैं। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से कॉल और मैसेज की जांच शुरू कर दी है, ताकि धमकी देने वालों की पहचान और उनकी मंशा स्पष्ट हो सके। साथ ही यह भी पता कराया जा रहा है कि धमकी देते के समय नंबरों की लोकेशन कहां थी।
यह था मामला
31 दिसंबर को मेरठ में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला में पूर्व विधायक संगीत सोम शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम किया जा रहा है। बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन शाहरुख खान जैसे गद्दार ने बांग्लादेश के क्रिकेटर रहमान को साढ़े 9 करोड़ रुपये में खरीदा है। इस देश बर्दाश्त नहीं करेगा। कहा था कि अगर रहमान जैसे खिलाड़ी भारत में खेलने आएंगे, तो वह इस देश से बाहर कदम नहीं रख पाएंगे। संगीत सोम के बयान के बाद यह मामला गरमा गया था और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेने की निंदा की थी। इसके बाद बीसीसीआई ने शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का निर्देश दिया था और केकेआर ने क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया था।