Crime News : पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है ।वह खोड़ा कॉलोनी का रहने वाला था.
पुलिस के अनुसार, मृतक सफाई कर्मचारी अनिल पर चाकू से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी.
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले और बाद में आरोपी किस दिशा में गया। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आपसी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान होते ही उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.