31वें सुल्तान अजलान शाह कप के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान हो गया है. इस बार टीम की कप्तानी डिफेंडर संजय करेंगे, क्योंकि नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह और कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है. यह टूर्नामेंट 23 से 30 नवंबर तक मलेशिया के इपोह में खेला जाएगा. गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक और सूरज करकेरा भी टीम में नहीं होंगे, उनकी जगह पवन और मोहित शशिकुमार को चुना गया है. इस बार टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है.
मिडफील्ड की जिम्मेदारी भरोसेमंद हाथों में
रक्षापंक्ति में संजय के साथ जुगराज सिंह और अमित रोहिदास जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद रहेंगे. इनके साथ पूवन्ना चंदूरा बॉबी, नीलम संजीप ज़ेस और यशदीप सिवाच को भी शामिल किया गया है. मिडफील्ड की कमान राजिंदर सिंह, राजकुमार पाल, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद और मोहम्मद राहील मौसीन के हाथों में होगी. यह लाइनअप इस बात का संकेत है कि टीम मैनेजमेंट ने युवाओं पर भरोसा तो जताया है, लेकिन संतुलन बनाए रखने के लिए कुछ अनुभवी चेहरे भी रखे हैं.
फॉरवर्ड लाइन में नए जोश की एंट्री
अग्रिम पंक्ति यानी फॉरवर्ड यूनिट में सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सेल्वम कार्थी, अभिषेक और दिलप्रीत सिंह जैसे तेजतर्रार खिलाड़ी शामिल हैं. इनके साथ युवा स्ट्राइकर आदित्य अर्जुन लालगे भी टीम में होंगे. टीम के स्टैंडबाय खिलाड़ियों में वरुण कुमार, विष्णु कांत सिंह, हार्दिक सिंह और अंगद बीर सिंह को रखा गया है. कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि टूर्नामेंट टीम को अच्छे मैच प्रैक्टिस का मौका देगा.
23 नवंबर से शुरुआत, 2010 के बाद खिताब की तलाश
भारत अपना पहला मैच 23 नवंबर को कोरिया के खिलाफ खेलेगा. इसके बाद टीम बेल्जियम, मलेशिया, न्यूजीलैंड और कनाडा से भिड़ेगी. टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में होगा और टॉप-2 टीमें फाइनल खेलेंगी। भारत ने आखिरी बार 2010 में यह खिताब जीता था, जबकि 2019 में रनर-अप रहा था. अब देखना होगा क्या संजय की कप्तानी में यह नई भारतीय टीम 14 साल बाद खिताब वापस ला पाती है या नहीं.