
Sanjeev Baliyan lashed: मुजफ्फरनगर में भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का गुस्सा इस बार पुलिस पर फूट पड़ा। रविवार को बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के खेड़ा मस्तान गांव में आयोजित "हिंद मजदूर किसान समिति" के कार्यक्रम में पहुंचे बालियान ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की गाड़ियों से झंडे और काली फिल्म उतारी जा रही है, जबकि जिन अधिकारियों ने यह कार्रवाई की, उनकी गाड़ियों पर खुद ब्लैक फिल्म लगी है। बालियान ने मंच से ही पुलिस को खरी-खोटी सुनाते हुए नाराज़गी जताई।
भाजपा नेताओं पर कार्रवाई से बिफरे बालियान
पिछले कुछ दिनों से पुलिस ने भाजपा नेताओं की गाड़ियों से झंडे और काली फिल्म हटाने की कार्रवाई की है। एक हफ्ते में दो नेताओं की गाड़ियां रोकी गईं और सख्ती की गई। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराज़गी है और अब संजीव बालियान भी खुलकर सामने आ गए। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी खुद वीआईपी अंदाज में काली फिल्म और झंडे का इस्तेमाल करते हैं। अगर नियम सबके लिए बराबर हैं, तो उनकी गाड़ियों से भी झंडे और फिल्म हटाई जानी चाहिए। बालियान ने व्यंग्य में कहा कि शायद किसी दिन इन अधिकारियों के चश्मे भी उतरवाने पड़ें।
जाति विहीन समाज की मुहिम तेज होगी
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जाति विहीन समाज और नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाना था। मंच से बालियान ने कहा कि यह आंदोलन नया नहीं है, बल्कि 2023 से ही इस दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जातियों में बंटने से बचाना और युवाओं को नशे से दूर करना उनकी प्राथमिकता है। यह मुहिम अब और तेज होगी और जल्द ही इसे बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।