IPL 2026 से पहले ट्रेड विंडो खुलते ही सबसे बड़ी चर्चा राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाली एक संभावित मेगा ट्रेड डील को लेकर है। क्रिकेट गलियारों में जोर है कि राजस्थान अपने कप्तान संजू सैमसन को चेन्नई भेज सकती है, जबकि बदले में CSK से रवींद्र जडेजा और सैम करन जैसे दो बड़े नाम मिल सकते हैं। यह कोई आम ट्रेड नहीं, बल्कि IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील मानी जा रही है। संजू RR के भरोसेमंद कप्तान रहे हैं, इसलिए उनके जाने की खबर ने फैंस को चौंका दिया है। दूसरी तरफ अगर CSK संजू को लेती है, तो धोनी के बाद संभावित कप्तान की तलाश लगभग पूरी हो सकती है।
चेन्नई के लिए संजू का रिकॉर्ड चिंता का कारण
हालांकि संजू की बल्लेबाज़ी दमदार है, लेकिन एक आंकड़ा CSK के लिए चिंता खड़ी करता है चेपॉक पर उनका बेहद कमजोर रिकॉर्ड। इस मैदान पर संजू ने 11 पारियों में सिर्फ 134 रन बनाए हैं, वह भी 12 की औसत और 100 के करीब स्ट्राइक रेट के साथ। दूसरी ओर CSK हर सीजन कम से कम 7 मैच इसी स्टेडियम में खेलती है। मतलब CSK को एक ऐसे बल्लेबाज़ की जरूरत है जो चेपॉक की धीमी, स्पिन-फ्रेंडली पिच पर प्रदर्शन कर सके। अगर संजू को यहां दिक्कत आती है तो टीम की रणनीति बिगड़ सकती है। इसीलिए सवाल उठ रहा है — क्या CSK कप्तानी के लालच में अपनी होम-ग्राउंड की अहमियत को नजरअंदाज कर देगी?
ऑलराउंडर का दबदबा जारी
अब आते हैं इस ट्रेड के दूसरी तरफ यानी जडेजा पर. जडेजा को CSK का सबसे भरोसेमंद मैच-चेंजर माना जाता है। पीली जर्सी में 13 साल, 17 बार प्लेयर ऑफ द मैच और चेपॉक पर 35 विकेट इनके आंकड़े बताते हैं कि जडेजा सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि चेन्नई की रणनीति की रीढ़ हैं। गेंद से गेंदबाज़ी, फील्डिंग में बिजली जैसी तेजी और जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी जडेजा हर भूमिका में फिट बैठते हैं। ऐसे में अगर CSK उन्हें ट्रेड में छोड़ती है, तो यह टीम की रफ्तार और बैलेंस दोनों को प्रभावित कर सकता है। क्रिकेट विशेषज्ञ भी मानते हैं कि यह सौदा राजस्थान के लिए अधिक मुफ़ीद लगता है, जबकि CSK को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
फैंस में चिंता क्या ट्रेड से टीम का संतुलन बिगड़ेगा?
राजस्थान रॉयल्स के लिए भी यह स्थिति आसान नहीं है। संजू वर्षों से टीम की पहचान बने हुए हैं और उनके जाने से कप्तानी का नया सवाल खड़ा हो जाएगा। ऐसे समय में उभरते खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजर है, लेकिन इतनी जल्दी उन पर जिम्मेदारी डालना जोखिम भरा हो सकता है। यह ट्रेड राजस्थान को दो बड़े ऑलराउंडर तो देगा, लेकिन टीम को एक मजबूत लीडर की कमी जरूर महसूस होगी। वहीं CSK फैंस भी असमंजस में हैं क्या जडेजा रहेंगे? क्या संजू चेन्नई में फिट होंगे? आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन इतना तय है कि इस ट्रेड की चर्चा ने IPL 2026 का माहौल अभी से गर्म कर दिया है।