
सोशल मीडिया पर इस वक्त एक ही सवाल घूम रहा है क्या राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन अब विराट कोहली की टीम आरसीबी में शामिल होने जा रहे हैं? जिसकी वजह एक तस्वीर है, जिसने इंटरनेट पर आग लगा दी है. दरअसल, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज शुरू होने से पहले संजू सैमसन को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट गेब्रियल के साथ प्रैक्टिस करते देखा गया. नेट्स में दोनों की ये जोड़ी जैसे ही कैमरे में कैद हुई, फैंस के बीच अटकलों का दौर शुरू हो गया. कई लोगों का कहना है कि अब सैमसन शायद राजस्थान छोड़कर कोहली की टीम का हिस्सा बनने की तैयारी कर रहे हैं.
पिछले कुछ महीनों से मतभेद की खबर
बता दें अगस्त 2025 में क्रिकबज की एक रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया था कि संजू सैमसन और राजस्थान रॉयल्स के बीच पिछले कुछ महीनों से मतभेद चल रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसन ने टीम मैनेजमेंट से खुद को ट्रेड करने या नीलामी में रिलीज करने का औपचारिक अनुरोध किया था. बताया गया कि जोस बटलर को रिलीज करने के फैसले पर संजू और मैनेजमेंट के बीच मतभेद बढ़ गए थे. बटलर सात सीजन में 3,000 से ज्यादा रन बनाकर टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक थे. ऐसे में उनका बाहर होना संजू को नागवार गुजरा. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा अगर मैं आईपीएल में एक चीज बदल सकता, तो वो हर तीन साल में खिलाड़ियों को रिलीज करने का नियम होता. उनके इस बयान ने ही अंदरूनी टकराव की पुष्टि कर दी थी.
फैंस के बीच हलचल तेज
अब जब संजू को आरसीबी के कोचिंग स्टाफ के साथ देखा गया, तो फैंस के बीच हलचल तेज हो गई है. क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि आरसीबी ऐसे कप्तान की तलाश में है जो टीम को आक्रामक दिशा दे सके और कोहली के अनुभव के साथ मिलकर नया संतुलन बनाए. संजू का एग्रेसिव गेमप्ले और विकेटकीपिंग स्किल उन्हें आरसीबी के लिए परफेक्ट फिट बना रहा है. वहीं, फैंस कह रहे हैं कि अगर सैमसन और कोहली एक ही टीम में उतर आए, तो गेंदबाजों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी. हालांकि अब तक राजस्थान रॉयल्स या आरसीबी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इतना तय है कि इस एक तस्वीर ने फैंस को झकझोर दिया है. खासकर राजस्थान रॉयल्स के चाहने वालों के लिए ये खबर भावनात्मक झटका है. फैंस का कहना है कि सैमसन सिर्फ टीम के कप्तान नहीं बल्कि फ्रैंचाइज़ी की पहचान हैं. अब सबकी निगाहें आईपीएल ट्रेड विंडो पर टिकी हैं.