सरफराज खान इस समय ऐसे दौर से गुजर रहे हैं, जहां उनका बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा। आमतौर पर उन्हें टेस्ट क्रिकेट का बल्लेबाज माना जाता है, लेकिन मौजूदा समय में वह एकदिवसीय क्रिकेट में भी छोटे प्रारूप जैसी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने घरेलू क्रिकेट में नया इतिहास लिख दिया और सबको चौंका दिया।
15 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक
मुंबई की ओर से पंजाब के खिलाफ खेलते हुए सरफराज खान ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह भारत में लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 31 साल से कायम था, जिसे अब सरफराज ने तोड़ दिया। उनकी इस पारी ने मैच का रुख ही बदल दिया और दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
31 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
इससे पहले साल 1995 में महाराष्ट्र के अभिजीत काले ने 16 गेंदों में अर्धशतक जमाया था। बाद में 2021 में अतित सेठ ने भी 16 गेंदों में पचासा लगाया था। लेकिन अब सरफराज खान इन सभी से आगे निकल गए हैं। 15 गेंदों में 50 रन बनाकर उन्होंने घरेलू क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया।
हर मैच में पचास से ज्यादा रन
मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में सरफराज खान ने अब तक तीन मैच खेले हैं और तीनों में 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। पहले मैच में उन्होंने 49 गेंदों पर 55 रन बनाए। दूसरे मुकाबले में 75 गेंदों पर शानदार 157 रन की पारी खेली। अब तीसरे मैच में 29 गेंदों पर 62 रन ठोककर उन्होंने रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
इसे भी पढ़ें : धान घोटाले की अजीब दलील, 7 करोड़ का धान चूहे खा गए या कुछ और खेल है
लगातार जारी शानदार लय
इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी सरफराज खान का बल्ला खूब बोला था। वहां दिखाई गई उनकी आक्रामक शैली अब एकदिवसीय क्रिकेट में भी नजर आ रही है। उनका आत्मविश्वास साफ झलकता है और गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत बन चुका है।
आगे क्या कहता है सरफराज का सफर
सरफराज खान को घरेलू क्रिकेट का बड़ा सितारा माना जाता है। उन्हें भारतीय टीम में भी मौका मिला, जहां उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन स्थायी जगह नहीं बना सके। फिलहाल वह किसी राष्ट्रीय प्रारूप में नहीं खेल रहे हैं। हालांकि आने वाले समय में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए वह अपनी इस फॉर्म को बड़े मंच पर साबित कर सकते हैं।