
क्रिकेट के दमदार बल्लेबाज सरफराज खान एक बार फिर चर्चा में हैं लेकिन इस बार उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि टीम से बाहर किए जाने को लेकर है, क्योंकि हाल ही में जब भारत ए और साउथ अफ्रीका ए सीरीज के लिए टीम का ऐलान हुआ, तो सभी को उम्मीद थी कि सरफराज का नाम पक्का रहेगा. इंग्लैंड दौरे पर उनके शानदार प्रदर्शन और घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया. इसी फैसले ने न सिर्फ फैंस को नाराज किया बल्कि अब मामला सियासत के गलियारों तक पहुंच गया है, जहां विपक्षी पार्टियां बीसीसीआई और टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर पर सवाल उठा रही हैं.
कांग्रेस प्रवक्ता ने दागा गंभीर पर निशाना
कांग्रेस की प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने इस मुद्दे पर BCCI और कोच गौतम गंभीर पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा क्या सरफराज खान को उनके सरनेम की वजह से नहीं चुना गया? बस पूछ रही हूं. उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया. कई लोगों ने इसे धर्म आधारित राजनीति बताकर विरोध किया, तो कई यूजर्स ने कहा कि कांग्रेस सही सवाल उठा रही है क्योंकि सरफराज के साथ नाइंसाफी हुई है. वहीं दूसरी तरफ, क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने इस बयान को बेहूदा राजनीति बताया.
असदुद्दीन ओवैसी भी इस मुद्दे पर कूदे
पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज अतुल वासन ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा सरफराज को मौके नहीं मिले, ये बात सही है. लेकिन धर्म को बीच में लाना बिल्कुल गलत है. भारतीय क्रिकेट में कभी किसी के साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं हुआ. इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी इस मुद्दे पर कूद पड़े. उन्होंने बीसीसीआई से सवाल पूछा कि सरफराज खान को आखिर भारत ए में क्यों नहीं चुना गया, जबकि उन्होंने पिछली बार इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 92 रनों की शानदार पारी खेली थी. ओवैसी ने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी ने मेहनत की है और फिटनेस सुधारी है, तो उसे टीम में जगह मिलनी ही चाहिए.
इसे भी पढ़ें : 'हनुमान भक्त' के बाद South Africa के गेंदबाज ने दिया Pakistan को जख्म, बना डाला ये बड़ा रिकॉर्ड !
BCCI की चुप्पी पर सबकी निगाहें !
वहीं, क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि सरफराज खान का चयन न होना क्रिकेटिंग लॉजिक से परे है. उन्होंने हाल के महीनों में अपनी फिटनेस पर गजब मेहनत की, करीब 17 किलो वजन घटाया और रणजी ट्रॉफी में कई बार शतक जड़े. अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इस लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को क्यों बाहर किया गया. हालांकि बीसीसीआई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका ए सीरीज में ऋषभ पंत की कप्तानी में नई टीम उतर रही है. अब देखना ये होगा कि इस विवाद के बाद बीसीसीआई चुप रहती है या फिर इस बढ़ते सियासी तूफान पर कोई सफाई देती है.