Sarkari Naukari : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में 400 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। खास बात यह है कि इन पदों के लिए अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तरह प्रीलिम्स और मेंस की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। चयन प्रक्रिया पदों के अनुसार स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, भर्ती परीक्षा या इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जाएगी.
कई विभागों में निकली हैं वैकेंसी
इस भर्ती अभियान के तहत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 98 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रशासनिक, तकनीकी, वैज्ञानिक, चिकित्सा, शिक्षण और शोध से जुड़े पद शामिल हैं। आयोग ने अलग-अलग विभागों की जरूरतों के अनुसार योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं.
इन पदों पर मिलेगा अवसर
भर्ती में ऑपरेशन ऑफिसर, एयर सेफ्टी ऑफिसर, असिस्टेंट डायरेक्टर, साइंटिस्ट, मेडिकल ऑफिसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, जूनियर साइंटिफिक ऑफिसर, असिस्टेंट लीगल एडवाइजर और स्पेशलिस्ट ग्रेड-III जैसे कई प्रतिष्ठित पद शामिल हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय समेत कई संस्थानों में नियुक्तियां की जाएंगी.
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग के ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई शाम 6 बजे निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा कर लें.
योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं। कुछ पदों के लिए इंजीनियरिंग, विज्ञान, चिकित्सा या कानून की डिग्री आवश्यक है, जबकि कुछ पदों पर अनुभव को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ना चाहिए.
करियर बनाने का सुनहरा अवसर
जो उम्मीदवार प्रतिष्ठित सरकारी पदों पर काम करने का सपना देखते हैं, उनके लिए यह भर्ती अभियान एक बेहतरीन अवसर माना जा रहा है। सीधे भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदार पदों पर काम करने का मौका मिलेगा। ऐसे में पात्र उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए.