
शनिवार का दिन न्याय के देवता शनि देव को समर्पित है। मान्यता है कि शनि देव व्यक्ति को उसके कर्म के अनुसार फल प्रदान करते हैं। इसलिए इस दिन शनि देव की पूजा और व्रत का विशेष महत्व बताया गया है। खासकर जिन लोगों पर शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या शनि दोष चल रहा हो, उनके लिए यह व्रत जीवन की कठिनाइयों को कम करने का प्रभावी उपाय है।
क्यों करें शनिवार व्रत?
ज्योतिष के अनुसार, अगर किसी की कुंडली में शनि की स्थिति कमजोर है, तो उसके जीवन में संघर्ष और बाधाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में शनिवार को व्रत रखने और पूजा करने से इन दोषों का प्रभाव कम होता है और शनि देव की कृपा से राहत मिलती है।
शनिवार व्रत की संपूर्ण विधि
व्रत का संकल्प लें- सुबह उठकर व्रत का संकल्प करें। पहली बार व्रत करने वाले 7, 11 या 21 शनिवार का संकल्प ले सकते हैं।
विशेष वस्त्र धारण करें- इस दिन नीले या काले रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना गया है।
पीपल की पूजा करें- सुबह पीपल के पेड़ की जड़ पर जल चढ़ाएं और उसकी पूजा करें।
शाम को शनि मंदिर जाएं- मंदिर जाकर शनि देव को सरसों का तेल अर्पित करें। दीपक में सरसों का तेल भरकर उसमें काले तिल और उड़द की दाल डालें और शनि देव के सामने जलाएं।
काला कपड़ा अर्पित करें- शनि देव को काला वस्त्र अर्पित करने से विशेष पुण्य मिलता है।
मंत्र जाप और पाठ- शनि देव के मंत्र का जाप करें और शनि चालीसा का पाठ अवश्य करें।
पूजा घर में नहीं, मंदिर में करें आराधना
शास्त्रों के अनुसार शनि देव की मूर्ति या चित्र को घर में स्थापित नहीं करना चाहिए। उनकी पूजा केवल मंदिर में ही करनी उचित है। शनिवार व्रत करने से शनि देव प्रसन्न होते हैं और व्यक्ति को उसके पापों से मुक्ति मिलती है। यह व्रत न केवल शनि दोष को शांत करता है, बल्कि जीवन की कठिनाइयों को भी कम करता है।