सावन में बाबा महाकाल के भक्तों को बड़ी राहत श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही महाकालेश्वर दर्शन के लिए उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। 10 जुलाई से भोपाल-उज्जैन के बीच विशेष ट्रेन (गाड़ी संख्या 09313/09314) की शुरुआत की
गई है, जो 31 अगस्त तक रोजाना चलाई जाएगी। इस ट्रेन से भोपाल, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन जिलों के यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा।
भोपाल से उज्जैन: रात्रिकालीन यात्रा की सुविधा
गाड़ी संख्या 09314 हर रात 2:15 बजे भोपाल से रवाना होगी और सुबह 7:20 बजे उज्जैन पहुंचेगी। इस बीच ट्रेन संत हिरदाराम नगर (2:38), सीहोर (3:10), कालापीपल (3:40), शुजालपुर (4:20), अकोदिया (4:40), कालीसिंध (5:10), बेरछा (5:25), मक्सी (5:55), तराना रोड (6:20) जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दो-दो मिनट का ठहराव करेगी।
उज्जैन से भोपाल: रात 9 बजे से शुरू होगी वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 09313 उज्जैन से प्रतिदिन रात 9 बजे रवाना होगी और भोपाल स्टेशन पर रात 1:05 बजे पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल, सीहोर और संत हिरदाराम नगर में ठहरेगी। यह सेवा खासतौर पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक मानी जा रही है।
हर स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव, बिना भीड़ के सफर
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए हर स्टेशन पर 2 मिनट का स्टॉप तय किया है, जिससे सवारियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी न हो। सावन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं और यह स्पेशल ट्रेन उनके लिए बड़ा सहारा साबित होगी।