Sawan Special : घेवर भारतीय पारंपरिक मिठाइयों में एक खास स्थान रखता है। खासतौर पर सावन, तीज और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान इसकी मांग काफी बढ़ जाती है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से चाशनी से भरा घेवर स्वाद के साथ परंपरा का भी प्रतीक माना जाता है। हालांकि कई लोग इसे केवल बाजार से खरीदकर ही खाते हैं, लेकिन थोड़ी सावधानी और सही विधि अपनाकर इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। घर का बना घेवर स्वाद के साथ-साथ ताजगी का भी अलग आनंद देता है.
घेवर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घेवर तैयार करने के लिए मैदा, घी, ठंडा पानी, बर्फ, दूध, घी या तेल तलने के लिए और चीनी की जरूरत होती है. सजावट के लिए केसर, इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम, पिस्ता और चाहें तो थोड़ी-सी मलाई का उपयोग किया जा सकता है। सभी सामग्री पहले से तैयार रखने से बनाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है.
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट घेवर
सबसे पहले घी और बर्फ को अच्छी तरह फेंटकर हल्का और क्रीमी मिश्रण बना लें. इसमें धीरे-धीरे मैदा और ठंडा पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें। अब एक गहरे बर्तन में घी या तेल अच्छी तरह गर्म करें और बीच में पतली धार से थोड़ा-थोड़ा घोल डालें। हर बार घोल डालने के बाद कुछ सेकंड का अंतर रखें ताकि घेवर की जालीदार परत बन सके। सुनहरा होने पर इसे सावधानी से निकाल लें.
चाशनी और सजावट से बढ़ेगा स्वाद
एक अलग बर्तन में चीनी और पानी मिलाकर एक तार की चाशनी तैयार करें। तैयार घेवर को हल्का ठंडा होने पर चाशनी में कुछ सेकंड डुबोकर निकाल लें. इसके बाद ऊपर से केसर, इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालें। यदि पसंद हो तो मलाई या रबड़ी की पतली परत भी लगाई जा सकती है, जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है.
इन बातों का रखें ध्यान
घेवर बनाते समय घोल का पतला होना बहुत जरूरी है, तभी इसकी पहचान वाली जालीदार बनावट तैयार होती है. तेल या घी का तापमान भी सही होना चाहिए, क्योंकि बहुत कम या ज्यादा गर्म होने पर घेवर सही नहीं बनता. परोसने से पहले इसे पूरी तरह ठंडा होने दें. घर पर तैयार किया गया ताजा, कुरकुरा और रसदार घेवर परिवार और मेहमानों के लिए एक बेहतरीन मिठाई साबित हो सकता है.