School Closed kanwar Yatra: सावन माह में हर साल निकलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादाबाद में भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. 21, 23, 26, 28 जुलाई और 2 व 4 अगस्त को मुरादाबाद के दिल्ली रोड, रामपुर रोड और कांठ रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूल बंद रहेंगे. यह फैसला सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है. इन तारीखों पर कांवड़ यात्रा के प्रमुख दिन पड़ रहे हैं, जिनमें भारी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर मुरादाबाद के शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं.
बढ़ते ट्रैफिक को लेकर स्कूल बंद रखने का फैसला
सावन के दौरान शिवभक्तों की लगातार आवाजाही और दिन-रात कांवड़ियों के जत्थों की मौजूदगी से मुरादाबाद की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है. ऐसे में बच्चों के स्कूल आने-जाने में परेशानी और जोखिम की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नर्सरी से 12वीं तक के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के सभी निजी और मान्यता प्राप्त स्कूल इन छह विशेष तारीखों पर बंद रहेंगे. यह कदम पूरी तरह एहतियातन उठाया गया है ताकि बच्चों और उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो.
यह भी पढ़ेंःViral Video: समंदर में खौफनाक मंजर: शॉर्क ने पानी में गिरे शख्स को किया जिंदा निगल, वीडियो देख कांप उठे लोग
कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक हो, शहरवासी भी रहें निश्चिंत
प्रशासन और पुलिस का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा शांति और सुव्यवस्था के साथ सम्पन्न हो और शहरवासियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े. स्कूलों की छुट्टी का निर्णय भी इसी दिशा में एक एहतियाती कोशिश है. इन तारीखों पर शिव मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है. प्रशासन चाहता है कि यह यात्रा श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न हो और मुरादाबाद में व्यवस्था बनी रहे.