Hapur News: कक्षा सातवीं कीएक छात्रा को अपने कक्ष में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने और उसके कपड़े उतारने का प्रयास करने वाले आरोपी प्रधानाचार्य को हाफिजपुर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रामपुर अंडरपास के पास किसी अज्ञात स्थान पर फरार होने की कोशिश करते हुए दबोचा गया है।
रिजल्ट देने के बहाने छात्रा को अपने कमरे में बुलाया
हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 13 वर्षीय पुत्री गांव में ही स्थित एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। शनिवार सुबह को छात्रा वार्षिक परीक्षा परिणाम लेने के लिए स्कूल गई थी। स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने रिजल्ट देने के बहाने छात्रा को अपने कमरे में बुला लिया। आरोप था कि प्रधानाचार्य ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करते हुए जबरन उसके कपड़ों को उतारने का प्रयास किया।
प्रधानाचार्य की हरकत का विरोध किया
प्रधानाचार्य की हरकत का छात्रा द्वारा विरोध किया गया तो आरोपी ने धमकी दी। जिसके बाद छात्रा शोर मचाते हुए स्कूल से बाहर की ओर भागी और अपने परिजनों को इस बात की सूचना दी। प्रधानाचार्य की हरकत की सूचना मिलने के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य की हरकत का विरोध किया। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने परिजनों से अभद्रता की और उनके खिलाफ जातिगत भाषा का प्रयोग किया। इस मामले में पीड़ित छात्रा के पिता ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोपी को दबोच लिया गया
उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस टीम आरोपी प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा की तलाश कर रही थी। रविवार को टीम को सूचना मिली कि छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी प्रधानाचार्य रामपुर अंडरपास के पास रामपुर गांव की तरफ जाने वाले मार्ग पर खड़ा है और वहां से फरार होने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को दबोच लिया गया है।