एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें लगभग 8 से 10 गाडियों में सवार कुछ युवक हूटर बजाकर और कार की खिड़कियों से निकलकर रील बनाते नजर आ रहे हैं। थाना पुलिस कारों के नंबर से पहचान करते हुए कार्रवाई में जुट गई।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड़ की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें कुछ छात्रों द्वारा गाड़ियों की खिलड़ियों से निकलकर वीडियो बनाते व हुड़दंग करते हुए नजर आ रहे है। वहां पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वायरल वीडियो मंगलवार की सुबह का है।
हुडदंग के कारण सड़क पर लंबा जाम
वीडियो बनाने वाले युवक ने बताया कि इस हुडदंग के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था। देखने में ऐसा लग रहा था कि ये छात्र किसी स्कूल या कॉलेज के फेयरवैल पार्टी में जा रहे थे। सड़कों पर कार सवारों के इस प्रकार के हुडदंग हाईवे से लेकर शहर के बीच तक लगातार वायरल हो रहे हैं। कुछ दिन पहले ही बेगमपुल पर भी इसी प्रकार का वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दो लोगों पर मुकदमा किया था।
पहचान कर कार्रवाई की जाएगी
एसएसपी विपिन ताड़ा ने बताया कि वीडियो के आधार पर हुडदंग करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। इसमें कुछ गाड़ियों के नंबर भी दिखाई दे रहे हैं। उन्हीं के आधार पर हुडदंग करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।