अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण अब केवल नकदी गबन का मामला नहीं रह गया है। एसआईटी की जांच में सामने आए तथ्यों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी, 80 लाख रुपये की बरामदगी और 70 कथित चोरी की घटनाओं के सामने आने के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
एसआईटी की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी पुलिस के वायरलेस विभाग में तैनात इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी एवं आरएमओ अर्जुन देव की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मंदिर परिसर के सीसीटीवी कंट्रोल रूम और वायरलेस व्यवस्था की जिम्मेदारी उनके पास थी। जिस कक्ष में चढ़ावे की नकदी की गिनती होती थी, उसकी निगरानी भी इसी कंट्रोल सिस्टम से होती थी। ऐसे में जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि लंबे समय तक कथित गड़बड़ियां होने के बावजूद निगरानी तंत्र सक्रिय क्यों नहीं हुआ।
एसआईटी ने अपनी जांच में यह भी उल्लेख किया है कि अर्जुन देव का दखल केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं था। मंदिर प्रबंधन के विभिन्न कार्यों और वीवीआईपी दर्शन व्यवस्था में भी उनकी सक्रिय भूमिका बताई गई है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि वर्ष 2009 से अयोध्या में तैनात अर्जुन देव का हाल ही में स्थानांतरण आदेश जारी हुआ था, लेकिन वह लागू नहीं हो सका। अब जांच एजेंसी उनके कार्यकाल और भूमिका की विस्तृत पड़ताल कर रही है।
इस मामले में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के चालक टिन्नू यादव को मुख्य आरोपी माना गया है। उसके साथ बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत ने 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि सुभाष चंद्र के पास से कोई नकदी बरामद नहीं हुई है।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपियों ने कुछ बैंक अधिकारियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, 27 अप्रैल से 5 जून 2026 के बीच की सीसीटीवी फुटेज की जांच में 70 ऐसे अवसर चिन्हित किए गए हैं, जहां कथित रूप से चढ़ावे की राशि में गड़बड़ी या गबन जैसी गतिविधियां दिखाई दी हैं।
एसआईटी अब बरामद साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, बैंकिंग प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को जोड़कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।