लखनऊ। शासन ने प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) संवर्ग के 11 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को नई जिम्मेदारी दी गई है। हाथरस में एसडीएम के पद पर तैनात राज बहादुर को बुलंदशहर का अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है। वहीं, लखनऊ में एसडीएम रहे संजय कुमार यादव को नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फतेहपुर के एसडीएम दुर्गेश यादव को राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) बनाया गया है। इसी कार्यालय में तैनात शशि कुमार को फतेहपुर का एसडीएम नियुक्त किया गया है। मथुरा में एसडीएम रहे सुशील कुमार सिंह को भी फतेहपुर में इसी पद पर भेजा गया है।
पीलीभीत में तैनात एसडीएम हेमंत कुमार चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। प्राधिकरण में इसी पद पर कार्यरत मांधाता प्रताप सिंह को पीलीभीत का एसडीएम बनाया गया है। पीलीभीत के एसडीएम मयंक गोस्वामी को चकबंदी मुख्यालय, लखनऊ में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) की जिम्मेदारी दी गई है। चकबंदी मुख्यालय में तैनात अजय कुमार को पीलीभीत का एसडीएम बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक अमित कुमार-द्वितीय को रायबरेली का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। वहीं, रायबरेली के एडीएम (प्रशासन) पद पर स्थानांतरणाधीन अशोक कुमार गुप्ता को सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक बनाया गया है।