Security Alert Republic Day: गणतंत्र दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई हैं। जम्मू जिले के कनाचक इलाके में आतंकियों की संदिग्ध सैटेलाइट फोन कम्युनिकेशन ट्रेस होने के बाद सेना और अन्य सुरक्षाबलों ने इंटरनेशनल बॉर्डर के पास बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह बातचीत सीमा पार बैठे आतंकियों और स्थानीय नेटवर्क के बीच हो सकती है।
इंटरनेशनल बॉर्डर के बेहद करीब इलाका
कनाचक क्षेत्र इंटरनेशनल बॉर्डर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह इलाका पहले भी घुसपैठ की कोशिशों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। जैसे ही संदिग्ध बातचीत इंटरसेप्ट हुई, सुरक्षाबल तुरंत हरकत में आ गए और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
यह भी देखेंःMysterious night of Tashkent: ताशकंद की रहस्यमय रात, समझौते के बाद क्यों थम गई शास्त्री जी की सांसें
थुराया सैटेलाइट डिवाइस से हुआ खुलासा
अधिकारियों के अनुसार आतंकियों की यह बातचीत थुराया सैटेलाइट फोन के जरिए की गई थी। इसी इनपुट के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया है। तकनीकी निगरानी के जरिए बातचीत के लोकेशन पॉइंट्स जुटाए गए हैं।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा
पूरे कनाचक और आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया है। घरों, खेतों और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इलाके में कुछ आतंकवादी छिपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने या निष्क्रिय करने के लिए अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।
गणतंत्र दिवस को लेकर हाई अलर्ट
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस से पहले किसी भी संभावित आतंकी साजिश को नाकाम करने के उद्देश्य से की जा रही है। जम्मू समेत पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और खुफिया एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं, ताकि राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।