.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D40bcc6e1-6a61-4e73-8f52-6486a6bb7c4e&w=3840&q=75)
Police on Alert: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शनिवार (11 अक्टूबर) को जेपीएनआईसी (Jay Prakash Narayan International Centre) पहुंचने से रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। जयप्रकाश नारायण की जयंती के मौके पर अखिलेश यादव प्रतिमा पर माल्यार्पण करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने एहतियातन जेपीएनआईसी के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पिछले वर्ष भी अखिलेश यादव को माल्यार्पण से रोका गया था, तब उन्होंने बैरिकेड कूदकर प्रतिमा तक पहुंचकर श्रद्धांजलि दी थी। प्रशासन को इस बार भी उनके पहुंचने की आशंका है, इसलिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
रातभर पुलिस चौकन्नी, रास्ते किए बंद
सपा अध्यक्ष के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने देर रात से ही इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। जेपीएनआईसी के चारों ओर बैरिकेडिंग के साथ टीन और बैरियर लगाकर मुख्य रास्तों को बंद कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। वहीं, सपा छात्र सभा के नेता विनीत कुशवाहा और उनके साथियों ने प्रशासन की चौकसी को धता बताते हुए देर रात दो बजे चोरी-छिपे प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिया। सुबह छह बजे उन्होंने सफाई कर श्रद्धांजलि दी, जिसकी तस्वीर खुद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर की।
अखिलेश का ट्वीट और प्रशासन की चिंता
अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उनकी प्रसिद्ध पंक्तियां साझा करते हुए लिखा— “सम्पूर्ण क्रांति से मेरा तात्पर्य समाज के सबसे दबे-कुचले व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर देखना है।” उनके इस पोस्ट के बाद सपा समर्थकों में जोश और प्रशासन में बेचैनी बढ़ गई है। पुलिस को आशंका है कि अखिलेश यादव अपने समर्थकों के साथ किसी भी समय जेपीएनआईसी पहुंच सकते हैं। इसी कारण शनिवार सुबह से पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नज़र रखे हुए है ताकि पिछले साल जैसी स्थिति दोबारा न बन सके।