CJP protest in Delhi: दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य संगठनों के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताने की तैयारी है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसी बीच पुलिस ने नागरिकों के नाम खुला खत जारी कर शांति और इंसानियत का संदेश दिया है।
दिल्ली पुलिस ने खुले खत में क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने अपने संदेश में लिखा, “आपकी आवाज आपका हक है और आपकी सुरक्षा हमारा फर्ज।” पुलिस ने कहा कि विचारों और मतभेदों से ऊपर सभी लोग पहले इंसान हैं। संदेश में यह भी कहा गया कि वर्दी पहनने वाले पुलिसकर्मियों की भी अपनी जिंदगी और परिवार हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखें।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की नहीं मिली अनुमति
CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। इसके साथ ही SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर भी विरोध जताया जाना है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन निर्धारित समय से काफी देर से दिया गया था। पुलिस ने पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों का पालन नहीं होने का हवाला भी दिया है।
सुरक्षा के लिए बड़े स्तर पर तैयारी
प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 23 हजार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की तैनाती की तैयारी है। इसके अलावा, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 37 ब्लॉकिंग पॉइंट और 15 डिटेंशन सेंटर तैयार करने की योजना बताई गई है। राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
मेट्रो स्टेशनों को लेकर भी पुलिस सतर्क
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का अनुरोध किया है। हालांकि, यह पुलिस की ओर से किया गया अनुरोध है, सभी स्टेशनों के बंद होने की पुष्टि नहीं। पुलिस ने बाजारों, आवासीय संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों से भी संपर्क कर शांति बनाए रखने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो की आधिकारिक सूचना और परिवहन संबंधी अपडेट जरूर देख लें।