पूर्वी दिल्ली। राजधानी में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुख्ता करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को पूर्वी जिला के आईपी एक्सटेंशन स्थित उपायुक्त कार्यालय परिसर में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लेकर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक की अध्यक्षता पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे ने की। इसमें पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार, उत्तर-पूर्वी जिला डीसीपी राहुल अलवाल, शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अलावा नोएडा और गाजियाबाद के डीसीपी तथा संबंधित ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की सीमाओं पर 24 घंटे संयुक्त चेकिंग और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने अंतरराज्यीय अपराधियों से जुड़ी सूचनाओं और खुफिया इनपुट को तत्काल साझा करने की रणनीति पर भी चर्चा की, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, साइबर कैफे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किरायेदारों एवं कर्मचारियों के सत्यापन तथा सुरक्षा जांच को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन और संदिग्ध उड़ने वाली वस्तुओं पर भी नजर
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हवाई निगरानी को लेकर भी पुलिस सतर्क रहेगी। ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य रिमोट कंट्रोल से संचालित उड़ने वाली वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करने को कहा गया।
रूट डायवर्जन से लेकर वीवीआईपी मूवमेंट तक की तैयारी
शिखर सम्मेलन के दौरान वीआईपी और गणमान्य व्यक्तियों के आवागमन को देखते हुए रूट मैनेजमेंट, यातायात प्रतिबंध, डायवर्जन, बॉर्डर चेकिंग और वाहनों की सुचारु आवाजाही पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षा बलों की तैनाती और संवेदनशील मार्गों की निगरानी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित एसीपी और थाना प्रभारियों को अपने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने, हाई अलर्ट बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के दौरान नागरिकों, विदेशी मेहमानों, गणमान्य व्यक्तियों और सभी संबंधित लोगों की सुरक्षा के लिए दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों और ट्रैफिक पुलिस इकाइयों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।