Seher Sheikh Apologizes: मुंब्रा की AIMIM पार्षद सहर शेख के एक बयान को लेकर उठा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। “मुम्ब्रा को हरा कर देंगे” वाले बयान पर मचे सियासी हंगामे के बाद सहर शेख ने पुलिस को लिखित माफीनामा सौंपते हुए स्पष्ट किया है कि उनका इरादा किसी भी समुदाय, देश या राष्ट्रीय प्रतीकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
कैसे शुरू हुआ मामला
नवनिर्वाचित नगरसेविका सहर शेख के बयान को लेकर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि यह बयान भड़काऊ है और इससे गलत संदेश जाता है। इसी को लेकर उन्होंने मुंब्रा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने सहर शेख को नोटिस जारी किया।
लिखित माफीनामे में क्या बोलीं सहर शेख
पुलिस को सौंपे माफीनामे में सहर शेख ने कहा कि वह भारत देश और भारतीय तिरंगे से प्रेम करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान का आशय केवल इतना था कि वह मुम्ब्रा क्षेत्र में अपनी पार्टी AIMIM को मजबूत करना चाहती हैं। उनके अनुसार ‘हरा’ शब्द पार्टी के चुनाव चिह्न और संगठनात्मक सफलता के संदर्भ में इस्तेमाल किया गया था, न कि किसी अन्य भाव में।
यह भी देखेंःMagh Mela controversy: माघ मेले का विवाद बना सियासी अखाड़ा, शंकराचार्य प्रकरण पर कांग्रेस का पोस्टर अटैक
माफी स्वीकार
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पुलिस थाने जाकर माफीनामे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सहर शेख ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और लिखित माफी दी है, जिससे वे संतुष्ट हैं। सोमैया ने यह भी कहा कि चूंकि सहर शेख युवा हैं और उन्होंने स्पष्टीकरण दे दिया है, इसलिए उनकी माफी स्वीकार की जाती है।
आगे की स्थिति
इस पूरे मामले के बाद स्थानीय राजनीति में कुछ समय के लिए तनाव जरूर दिखा, लेकिन माफी के बाद स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है। सहर शेख ने भरोसा दिलाया है कि वह भविष्य में अपने बयानों में पूरी सतर्कता बरतेंगी और संविधान, देश व राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के साथ जनसेवा का काम करेंगी।