टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की राह अब आसान नहीं है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे अपने अगले दोनों मैच जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ हर हाल में जीतने होंगे। सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत भी जरूरी है ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके। पिछली हार के बाद टीम दबाव में है और हर मुकाबला अब करो या मरो जैसा बन गया है।
सहवाग का सीधा संदेश
पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मैच से पहले टीम को साफ सलाह दी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खुलकर खेलें और डरकर बल्लेबाजी न करें। उनका कहना है कि अगर अच्छी क्रिकेट खेलते हुए टीम बाहर भी हो जाए तो कोई बड़ी बात नहीं, लेकिन दबाव में खराब खेल दिखाना सही नहीं होगा। सहवाग के मुताबिक जब बड़े बल्लेबाज चल पड़ते हैं तो मैच अपने आप आसान हो जाता है।
बल्लेबाजों को दिखानी होगी जिम्मेदारी
सहवाग ने खास तौर पर ओपनरों और मध्यक्रम के बल्लेबाजों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव या हार्दिक पंड्या जैसी खिलाड़ी लय में आ जाएं तो टीम को सोचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभी समस्या यह है कि ये खिलाड़ी अपने स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, जिससे टीम दबाव में आ रही है।
डरकर खेलने से नहीं मिलेगा फायदा
सहवाग ने यह भी कहा कि किसी भी टीम के खिलाफ डरकर खेलने की जरूरत नहीं है। अगर खिलाड़ी खुद को रोककर खेलेंगे तो बड़े अंतर से जीत पाना मुश्किल होगा। टी20 क्रिकेट में आक्रामकता जरूरी है और यही टीम की पहचान भी रही है। इसलिए खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : 48 गेंदों में 118 रन का तूफान, Vaibhav Suryavanshi और Arjun Tendulkar ने DY पाटिल टी20 में मचाया धमाल
कप्तान की भूमिका अहम
सहवाग ने कप्तान की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कप्तान को सामने से नेतृत्व करना होगा और स्ट्राइक रेट पर ध्यान देना होगा। खासकर जब टीम मुश्किल दौर में हो, तब कप्तान का प्रदर्शन बाकी खिलाड़ियों को प्रेरित करता है। अगर कप्तान आक्रामक खेल दिखाएगा तो टीम का मनोबल भी बढ़ेगा।
अब मैदान पर जवाब देना जरूरी
टीम इंडिया के सामने अब साफ चुनौती है। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के साथ मजबूत प्रदर्शन दिखाना होगा। सहवाग की सलाह साफ है- खुलकर खेलो और परिणाम की चिंता मत करो। अब देखना यह है कि टीम इस दबाव को कैसे संभालती है और क्या सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर पाती है।