Unnao Rape Case: उन्नाव रेप केस में दोषी करार दिए गए पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस फैसले के विरोध में यूथ कांग्रेस ने दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता केरल भवन से जंतर-मंतर तक कैंडल मार्च निकालते हुए सड़कों पर उतरे और जमानत के फैसले को महिलाओं के खिलाफ बताया। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने BNS की धारा 163 का हवाला देते हुए मार्च को गैरकानूनी करार दिया और कार्यकर्ताओं से हटने की अपील की, लेकिन इसके बावजूद विरोध जारी रहा।
बीजेपी पर आरोप
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु ने इस फैसले को लेकर बीजेपी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सेंगर को मिली जमानत के पीछे बीजेपी की राजनीतिक मंशा है और यह RSS की महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। उनके मुताबिक, महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को बचाने का काम सत्ताधारी पार्टी कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उदय भानु ने कहा कि यही वजह है कि यूथ कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही है, ताकि समाज को यह संदेश दिया जा सके कि ऐसे फैसलों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
CBI और न्याय व्यवस्था पर सवाल, संघर्ष जारी रहने का ऐलान
उदय भानु ने CBI की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब रेप जैसे गंभीर मामलों में दोषी साबित हो चुके लोगों को राहत मिलती है, तो यह न्याय व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करता है। उनके अनुसार, दोषी को जमानत मिलना बरी होना नहीं है, फिर भी इससे पीड़ितों और समाज में गलत संदेश जाता है। यूथ कांग्रेस ने साफ किया कि यह आंदोलन यहीं खत्म नहीं होगा, संघर्ष जारी रहेगा और सेंगर को मिली जमानत के खिलाफ हर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।