Bulandshahr News: खुर्जा सिटी रेलवे स्टेशन के निकट तेलियाघाट फाटक के पास रेलवे लाइन किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान
पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटनास्थल पर पुलिस ने आसपास के लोगों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जांच की जारी
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है और गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।