हापुड़, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला के पास सर्विस रोड से कार में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुअा है. युवक अपनी बहन के गौतमबुद्धनगर स्थित बंबावड़ में सिंधारा देने के लिए गया था। कार से शव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पता लगा है कि मृतक युवक शराब पीने का आदी था और अत्याधिक शराब के सेवन से उसकी मौत हुई है. जैसे ही मृतक के परिजन को इस बात की सूचना मिली तो वहां कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने मौत की असल वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
गांव शकरपुर निवासी 26 वर्षीय अरुण पुत्र जोगिंद्र 14 अगस्त को अपनी गाड़ी में सवार होकर गौतमबुद्धनगर के थाना बादलपुर के गांव बंबावड़ निवासी नेहा के यहां पर सिंधारा देने के लिए गया था। परिजनों के अनुसार, अरुण ने परिवार के एक व्यक्ति से फोन पर बातचीत की थी. उस वक्त अरुण काफी शराब के नशे में था. ज्यादा कुछ बता नहीं पाया और उसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि अरुण की कार कुचेसर फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर खड़ी है. जिसमें अरुण मृत अवस्था में मिला। इस बात की सूचना तत्काल बाबूगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को सिखैड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य उठाकर जांच प्रारंभ कर दी है.
सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब के अधिक सेवन की वजह से मौत की बात सामने आ रही है. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.